
मुंबई रूट पर अभी भी भीड़ जबरदस्त, दिल्ली मार्ग पर आयी कमी
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर प्रवासियों की वापसी के कारण ट्रेनों में भारी भीड़ देखी जा रही है। मिथिला एक्सप्रेस 4 घंटे 52 मिनट की देरी से आई। यात्रियों के बीच आपाधापी मची। विशेष ट्रेनें भी चलाई गईं, लेकिन जानकारी की कमी के कारण उनका इस्तेमाल नहीं हो सका।
मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। प्रवासियों का परदेस लौटना जारी है। दूसरे चरण के चुनाव के बाद दरभंगा, जयनगर व मधुबनी से आ रही ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ दिख रही है। मुजफ्फरपुर जंक्शन पर उधर से आने वाली ट्रेनों पर यात्री चढ़ नहीं पा रहे हैं। गुरुवार को मुंबई रूट पर एक बार फिर से जबरदस्त भीड़ रही। जेनरल बोगी में चढ़ने को लेकर यात्रियों के बीच आपाधापी मच गयी। वहीं मुजफ्फरपुर आनंद विहार जाने वाली 12557 सप्तक्रांति सुपरफास्ट में सामान्य भीड़ रहा। इसके पीछे-पीछे दोपहर 12 बजे खुली सप्तक्रांति क्लोन का 40 प्रतिशत तक सीटें खाली रहीं। हावड़ा के लिए एक विशेष ट्रेन 05523 मुजफ्फरपुर-हावड़ा क्लोन स्पेशल का भी परिचालन हुआ।
लोगों के बीच इसकी जानकारी नहीं होने की वजह से यात्री इसका उपयोग नहीं कर सके। अधिकांश लोग 13022 मिथिला एक्सप्रेस के समय को देखकर स्टेशन पहुंचे। इससे मिथिला एक्सप्रेस में सामान्य से अधिक भीड़ रही। प्लेटफार्म पर आने के बाद यात्रियों के बीच आपाधापी भी मची। वहीं रांची के लिए 15028 मौर्य एक्सप्रेस में भी अधिक भीड़ रही। बताया जाता है कि मिथिला एक्सप्रेस, मौर्य एक्सप्रेस, पवन एक्सप्रेस अपने रूट की एकलौती ट्रेन है। मुजफ्फरपुर से होकर बाघ एक्सप्रेस हावड़ा के लिए गुजरती है, जिसमें पहले से भी अधिक भीड़ होती है। 4 घंटे 52 मिनट की देरी से आयी मिथिला एक्सप्रेस इधर, रक्सौल-हावड़ा 13022 मिथिला एक्सप्रेस गुरुवार को मुजफ्फरपुर जंक्शन पर अपने नियत समय से 4 घंटे 52 मिनट की देरी से शाम 6:32 बजे आयी। बताया जाता है कि डाउन मिथिला एक्सप्रेस सुबह में 4 घंटे 9 मिनट की देरी से रक्सौल के लिए गई थी। इससे इस ट्रेन को रेलवे ने रि-शेड्यूल कर दिया था। इसके अलावा 04097 हसनपुर रोड फेस्टिवल स्पेशल 1 घंटा 47 मिनट, 04098 हसनपुर रोड फेस्टिवल स्पेशल 5 घंटे 50 मिनट, 14604 अमृतसर-नरपतगंज एक्सप्रेस 1 घंटा 12 मिनट, 15552 वाराणसी सिटी दरभंगा अंत्योदय एक्सप्रेस 3 घंटे 05 मिनट, 04652 अमृतसर जयनगर स्पेशल 6 घंटे 43 मिनट और 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस 1 घंटा 6 मिनट की देरी से आयी। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामाना करना पड़ा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




