Muzaffarpur News: मोतीपुर चीनी मिल खुलने की प्रक्रिया एक कदम और आगे बढ़ी
Muzaffarpur News: ईख विभाग मोतीपुर चीनी मिल को लीज पर दी गई जमीन को वापस पाने के लिए आईपीएल को मूल राशि और सूद की राशि वापस करेगा। ईख आयुक्त ने महालेखाकार को पत्र लिखकर स्वीकृति मांगी है। सरकार अब ब्याज के 35.29 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी और जमीन वापस मिलने पर चीनी मिल खोलने की प्रक्रिया तेज कर दी जाएगी।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। ईख विभाग मोतीपुर चीनी मिल को चालू करने के लिए लीज पर दी गई जमीन को वापस पाने की कवायद में जुटा है। विभाग इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) को जमीन के बदले राशि वापस करने की प्रक्रिया में जुट गया है। इस क्रम वह आईपीएल को मूल राशि के बाद अब सूद की राशि भी वापस करेगा। इसके लिए ईख आयुक्त अनिल कुमार झा ने महालेखाकार को पत्र लिखकर स्वीकृति मांगी है। महालेखाकार को लिखे पत्र में ईख आयुक्त ने जिक्र किया है कि पूर्व में आईपीएल को मूल राशि का भुगतान कोर्ट के आदेश पर किया जा चुका है। अब कोर्ट के आदेश पर ब्याज की राशि का भी भुगतान किया जाना है। इसके लिए विभाग से 35.29 करोड़ रुपये का आवंटन मिल चुका है। इस राशि को भी कंपनी को देकर लीज पर दी गई जमीन वापस ली जानी है, ताकि इसपर नये सिरे से चीनी मिल खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। पत्र के अनुसार मोतीपुर चीनी मिल की जमीन वर्ष 2010 में निविदा के माध्यम से आईपीएल को दी गई थी, लेकिन पांच साल बीतने के बाद भी कंपनी चीनी मिल नहीं खोल पाई।
ब्याज के लिए हाईकोर्ट पहुंच गया था कंपनी प्रबंधन
ईख आयुक्त के अनुसार इसके बाद बिहार सरकार ने कंपनी से चीनी मिल की जमीन वापस पाने के लिए प्रक्रिया शुरू की। इस क्रम में सरकार उसको मूल राशि वापस करने को तैयार थी, लेकिन कंपनी प्रबंधन ब्याज सहित राशि वापस पाने के लिए पटना हाईकोर्ट पहुंच गई। मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने पटना जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कोर्ट को मध्यस्थ बनाते हुए सुनवाई का आदेश दिया। मध्यस्थ कोर्ट ने गत 28 जुलाई को निविदा के समय जमा मूल राशि को सूद समेत वापस करने का फैसला सुनाया था। इसी एवज में विभाग पहले कंपनी द्वारा जमा मूल राशि को चुकाने के लिए 28.10 करोड़ रुपए का भुगतान कर चुकी है। अब ब्याज के तौर पर 35.29 करोड़ रुपया का भुगतान करना है।
ईख आयुक्त का बयान
ईख आयुक्त ने कहा है कि इसके साथ ही अब सरकार पर किसी भी तरह की देनदारी नहीं रह जाएगी। जमीन वापस मिलते ही चीनी मिल खोलने की प्रक्रिया और तेज गति से पूरी करने का प्रयास होगा।


