Muzaffarpur News: द्रोणपुर मिडिल स्कूल में भोजन में कीड़ा निकलने पर हंगामा
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के द्रोणपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बच्चों ने मध्याह्न भोजन में कीड़ा देखकर हंगामा किया। उन्होंने खाना नाले में फेंक दिया और अभिभावक भी पहुंचे। अभिभावकों ने समय पर भोजन न देने और ठंडा भोजन देने का आरोप लगाया। स्कूल प्रधानाध्यापक ने बताया कि भोजन विंलब से आया था और इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। मुशहरी प्रखंड के द्रोणपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शुक्रवार को मध्याह्न भोजन में कीड़ा देख स्कूल के छात्रों ने जमकर हंगामा किया। खाना को नाले में फेंक दिया और एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन किया। मौके पर अभिभावक भी पहुंच गए।
अभिभावकों के आरोप
अभिभावकों ने एजेंसी पर समय पर मध्याह्न भोजन नहीं पहुंचाने और ठंडा भोजन देने का आरोप लगाया है। छात्रों ने बताया कि एक बजे के बाद स्कूल में मध्याह्न भोजन भेजा जा रहा है, जबकि 12 बजे से स्कूल में टिफिन का समय है। टिफिन की घंटी लगने के बाद छात्र घर पर खाना खाने के लिए चले जाते हैं। उसके बाद मध्याह्न भोजन लाया जा रहा है। एजेंसी कर्मी खाना वापस ले जाते हैं। यही नहीं, केला भी सड़ा गला मिलता है।
छात्रों की प्रतिक्रिया
छात्रों ने बताया कि कुछ छात्र घर से खाना खाकर स्कूल आ गए थे। कुछ छात्र मध्याह्न भोजन के लिए बैठ गए थे। जब चावल परोसा गया तो चावल में कीड़ा निकलने लगा। उसके बाद छात्रों ने खाना नाले में फेंक दिया। इधर, स्कूल के प्रधानाध्यापक नवल किशोर कुमार ने बताया कि आज खाना विंलब से लाया गया था। कुछ छात्रों के थाली में परोसे गए चावल में कीड़ा निकला था। इसको लेकर छात्रों ने हंगामा किया है। इसकी शिकायत प्रखंड मध्याह्न भोजन पदाधिकारी से की गई। सूचना पाकर वे स्कूल पहुंचे और छात्रों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया।


