Muzaffarpur News: बीएड रिजल्ट को लेकर विश्वविद्यालय में प्रदर्शन
Muzaffarpur News: बीआरए बिहार विवि के छात्र शुक्रवार को बीएड रिजल्ट न जारी होने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। उनका कहना है कि परीक्षा खत्म हुए दो महीने हो चुके हैं और अन्य विश्वविद्यालयों में रिजल्ट पहले ही जारी हो चुके हैं। छात्रों ने प्रशासनिक भवन में हंगामा किया और कहा कि यदि परिणाम समय पर नहीं आया, तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन करेंगे।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। बीएड रिजल्ट को लेकर छात्रों ने शुक्रवार को बीआरए बिहार विवि के प्रशासनिक भवन में प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि टीआरई-4 की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। अब तक उनका रिजल्ट नहीं जारी हुआ है। बीएड सत्र 2024-26 की परीक्षा को खत्म हुए दो महीने बीत चुके हैं। छात्रों ने कहा कि दूसरे विश्वविद्यालय में परीक्षा का रिजल्ट काफी पहले जारी कर दिया गया है।
छात्रों का प्रदर्शन
रिजल्ट जारी करने की मांग को लेकर दोपहर करीब एक बजे बड़ी संख्या में छात्र विवि के प्रशासनिक भवन पहुंचे। वे पहले परीक्षा विभाग गए और वहां गैलरी में बैठ गए। छात्रों की सुनवाई जब वहां नहीं हुई तो उन्होंने प्रशासनिक भवन में हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी। छात्रों ने कहा कि उनसे बात करने विवि का कोई अधिकारी नहीं आ रहा है। छात्रों ने प्रशासनिक भवन के अलावा कुलपति आवास के बाहर भी प्रदर्शन किया। छात्रों ने कहा कि विवि की तरफ से बताया जा रहा है कि अब तक मूल्यांकन शुरू नहीं हो सका है। विवि की लापरवाही के कारण छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है।
समस्या का समाधान
हंगामे के बाद परीक्षा नियंत्रक प्रो. राम कुमार और डीएसडब्ल्यू प्रो. आलोक प्रताप सिंह ने छात्रों से बात की। छात्रों को आश्वासन दिया गया कि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा। प्रदर्शन कर रहे छात्र अभिनव राज ने कहा कि अगर परीक्षा परिणाम समय से घोषित नहीं होगा तो विश्विद्यालय प्रशासन की लापरवाही के कारण सत्र 2024-26 के छात्र टीआरई-4 में आवेदन करने से वंचित रह जाएंगे। अगर अविलंब परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया गया तो छात्र अनिश्चितकालीन आंदोलन को बाध्य होंगे। प्रदर्शन में छात्र चंदन, अभिमन्यु, अमरेंद्र, पूजा, आदिति, कोमल, अमन, अभिषेक आदि थे।
डिग्री को लेकर बहस
डिग्री को लेकर छात्र नेताओं और परीक्षा नियंत्रक में तीखी बहस हुई। बीआरएबीयू में शाम चार बजे परीक्षा नियंत्रक प्रो. राम कुमार और छात्र नेताओं के बीच तीखी बहस हुई। छात्र नेता महिपाल ओझा ने बताया कि छात्रों की डिग्री तीन महीने पहले आवेदन देने के बाद भी नहीं बन रही है। वहीं, विवि प्रशासन 21 दिनों में डिग्री बनाने का दावा करता रहा है। कई छात्रों को डिग्री छप जाने के बाद भी नहीं मिला है। वहीं, परीक्षा नियंत्रक का कहना था कि सभी डिग्री को कॉलेजों तक पहुंचाया जा रहा है。


