पोखर में नहाने के दौरान छात्र डूबा, अस्पताल में हंगामा
सकरा के सिराजाबाद गांव में छठ घाट पर घटना पीएचसी में ऑक्सीजन लगाने में देरी

सकरा प्रखंड के सिराजाबाद गांव स्थित पोखर में नहाने के दौरान सोमवार को एक छात्र डूब गया। वह गन्नीपुर बेझा गांव का रामबाबू सिंह का पुत्र राहुल कुमार (19) था। राहुल सीआरपीएफ की नौकरी के लिए दौड़ प्रतियोगिता में सफल हो चुका था और शेष प्रतियोगिता की तैयारी कर रहा था। वह स्नातक का छात्र था।
छात्र सुबह करीब छह बजे डूबा था जिसको आठ बजे पोखर से खोजकर निकाला जा सका। युवक के जिंदा होने की उम्मीद में परिजन व ग्रामीणों अस्पताल पहुंच गए। वहां ऑक्सीजन लगाने में देरी करने पर ग्रामीण आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे। डॉक्टर से भी उलझ गए। बाद में ग्रामीण बाहर से ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर आए और युवक को लगाया। लेकिन उसकी जान नहीं बची। डॉ. फजल अहमद ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। बाद में सकरा उप प्रमुख मदन सिंह व जिला पार्षद अनिल कुमार ने लोगों को समझाकर शांत कराया। प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष मो. अबू शैफी मुर्तुजा, एसआई सरोज कुमार, एस पांडेय, ए दुबे आदि ने भीड़ को अस्पताल भवन से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पुलिस पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा।
उधर, घाट पर छात्र की मां अन्य व्रतियों के साथ पुत्र की सलामती के लिए फूट फूट कर रोते हुए अर्घ्य दे रही थी। ग्रामीणों ने बताया कि छात्र अहले सुबह छठ घाट सिराजाबाद पोखर में स्नान कर रहा था। गन्नीपुर बेझा गांव के एक हिस्से के लोग इसी पोखर पर छठ पूजा करते हैं। नहाने के दौरान छात्र डूब गया।
वहीं सुबह अस्पताल में केवल डॉक्टर ही ड्यूटी में थे। एक भी स्वास्थ्य कर्मी ड्यूटी पर नहीं थे जिसके कारण ऑक्सीजन लगाने में विलंब हुआ। सूचना पर सकरा सीओ संजय महतो, राजस्व कर्मचारी रमेशचन्द्र सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे थे।
