
अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, कई बड़े अवैध निर्माण को गिराया
बोचहां में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। शर्फुद्दीनपुर गुदरी बाजार से गुजरने वाले मुख्य मार्ग पर बुलडोजर चलाए गए, जिससे कई बड़े अवैध निर्माण को जमींदोज किया गया। प्रशासन को कहीं विरोध का सामना करना पड़ा तो कहीं समर्थन मिला। यह कार्रवाई तीन-चार दिन और चलने की संभावना है।
बोचहां, हिन्दुस्तान संवाददाता। अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को दूसरे दिन भी प्रखंड के व्यस्ततम शर्फुद्दीनपुर गुदरी बाजार से गुजरने वाले मुजफ्फरपुर-दरभंगा पुराने मुख्य मार्ग एवं इसको क्रॉस करने वाले मुख्य मार्ग पर बुलडोजर चला। कई बड़े अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया गया। यह कार्रवाई तीन-चार दिन और चलने की संभावना है। अतिक्रमण के खिलाफ इस कार्रवाई का कहीं-कहीं प्रशासन को लोगों का विरोध झेलना पड़ रहा है तो कहीं समर्थन मिल रहा है। गहराते विवाद के कारण कई जगहों पर अमीन से कई बार मापी भी कराई गई। एक शोरूम संचालक ने अतिक्रमण से बाहर होने का दावा किया।
इस पर पुनः मापी कराई गई तो 10 फीट अतिक्रमण मिला। इस पर शोरूम संचालक ने समय मांगा। बुधवार को 10:30 बजे तक उसे जगह खाली करने की मोहलत दी गई। इस कार्रवाई के दौरान बोचहां और गरहां दोनों थाने की पुलिस समेत प्रशिक्षु आईएएस प्रेम कुमार, बीडीओ प्रिया कुमारी, आरओ जितेंद्र कुमार अपर थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह समेत भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी रही। अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या हुई गंभीर सीओ विश्वजीत कुमार सिंह ने बताया कि शरफुद्दीनपुर में सड़क किनारे सरकार की जमीन को कब्जा कर लोगों ने मकान व दुकान बना लिए थे। इससे यहां जाम की समस्या गहरा गई थी। इस कारण मापी कराकर पहले सभी दुकानदारों को नोटिस दिया गया था। जिन लोगों ने जमीन खाली नहीं की, उस पर जेसीबी लगाकर तोड़फोड़ किया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




