पारू में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा
पारू के मंगुरहिया गांव में एसटीएफ और पुलिस ने अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने प्रदीप कुमार शर्मा, उज्ज्वल कुमार उर्फ कट्टा और एक अन्य को गिरफ्तार किया है। प्रदीप के पिता फरार हो गए हैं। पुलिस ने कई हथियार और निर्माण सामग्री बरामद की है। आगे की कार्रवाई चल रही है।
पारू, हिन्दुस्तान संवाददाता। मंगुरहिया गांव में गुरुवार की रात एसटीएफ और पारू पुलिस ने छापेमारी कर मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से निर्माण सामग्री, कट्टा, पिस्टल, पांच कारतूस, लेथ मशीन, ड्रिल मशीन के साथ फैक्ट्री संचालक प्रदीप कुमार शर्मा और विकास झा उर्फ कालिया गैंग का शातिर बरुराज थाने के मानिकपुर निवासी उज्ज्वल कुमार उर्फ कट्टा को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरफ्तार प्रदीप के पिता रामनाथ ठाकुर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। थानेदार चंदन कुमार के बयान पर गिरफ्तार प्रदीप शर्मा, उज्ज्वल कुमार और फरार रामनाथ ठाकुर के खिलाफ पारू थाना में केस दर्ज किया गया है।
थानेदार ने बताया कि एसटीएफ को मंगुरहिया गांव में अवैध मिनी गन फैक्ट्री की सूचना मिली थी। इसके बाद एसटीएफ की टीम गुरुवार शाम थाना पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से गांव की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखकर तीनों भाग खड़े हुए, जिसमें से दो को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने कई अहम खुलासे किए हैं, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। उज्ज्वल कुमार उर्फ कट्टा पर मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बेतिया में मामले दर्ज हैं। वह सीतामढ़ी जिले का शातिर विकास झा उर्फ कालिया गैंग का सक्रिय सदस्य है। थानेदार ने बताया कि प्रदीप के घर की तलाशी लेने के दौरान प्लास्टिक की अटैची से चमचमाता कट्टा, टीन की कोठी पर हेलमेट से ढकी पिस्टल, लकड़ी के दराज से पांच कारतूस के साथ हथियार बनाने की सामग्री बरामद हुई। थानेदार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फरार रामनाथ ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। छापेमारी में एसटीएफ टीम के साथ थाने के सब इंस्पेक्टर आलोक कुमार यादव, सूर्यप्रकाश रंजन, पुलकित कुमार, लालबाबू समेत बीसैप शामिल थे। समस्तीपुर में बड़ी वारदात की थी साजिश : पुलिसिया पूछताछ में प्रदीप ने बताया कि समस्तीपुर जिले में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए आर्म्स तैयार किए गए थे। प्रदीप ने बताया कि उज्ज्वल उर्फ कट्टा ग्राहक ठीक कर अवैध हथियार का सप्लाई करता है। ::: बयान ::: पारू के मंगुरहिया गांव में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार संचालक और सप्लायर की निशानदेही पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। - राजेश सिंह प्रभाकर, ग्रामीण एसपी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




