एसएसबी जवानों ने जाना कैसे दें सीपीआर
मुजफ्फरपुर में एसकेएमसीएच के डॉक्टरों ने एसएसबी के जवानों और अधिकारियों को सीपीआर देने की तकनीक सिखाई। इस प्रशिक्षण में 56 कार्मिकों ने भाग लिया। डॉक्टरों ने हृदयाघात या श्वास संबंधित आपात स्थिति में...

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। एसएसबी के क्षेत्रक मुख्यालय में बुधवार को एसकेएमसीएच के डॉक्टरों ने एसएसबी के जवानों और अधिकारियों को सीपीआर देने के बारे में बताया। एसकेएमसीएच के डॉक्टरों ने एसएसबी जवानों को सीपीआर देने के तरीकों की जानकारी दी। इस मौके पर एनेस्थेसिया विभाग के अध्यक्ष डॉ. राहुल कुमार, डॉ. शैलेन्द्र कुमार, विभागाध्यक्ष (टीबी एवं चेस्ट विभाग), संजीता कुमारी यादव, (आईसीएन इंचार्ज), नूपुर श्रीवास्तव व अन्य विशेषज्ञों ने सीपीआर जैसी जीवनरक्षक तकनीक के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति को अचानक हृदयाघात या श्वास संबंधी आपात स्थिति में तुरंत सीपीआर दिए जाने से उसकी जान बचाई जा सकती है।
डॉक्टरों की टीम ने न केवल सैद्धांतिक जानकारी दी बल्कि व्यावहारिक अभ्यास भी कराया, जिसमें उपस्थित कार्मिकों ने स्वयं सीपीआर की प्रक्रिया का अभ्यास किया। प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को कृत्रिम श्वसन देने की विधि, हृदय पर दबाव डालने की सही तकनीक एवं आपातकालीन परिस्थिति में प्राथमिक उपचार की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। डॉ. शैलेन्द्र ने विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस (10 सितम्बर) पर मानसिक स्वास्थ्य और जीवनरक्षक तकनीकों के बारे में भी जानकारी दी। इस प्रशिक्षण में कुल 56 कार्मिकों ने भाग लिया। यह प्रशिक्षण भविष्य में आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित जीवनरक्षक उपाय करने में सहायक सिद्ध होगा तथा कार्मिकों को आपदा प्रबंधन और जनसेवा में और अधिक दक्ष बनाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




