
मानवता शर्मसार! मां को अर्धनग्न कर घुमाया, विरोध पर हमला
संक्षेप: शर्फुद्दीनपुर टोक वार्ड संख्या-10 में बेटों ने मां को 'डायन' बताकर अर्धनग्न कर घुमाया और गलत आचरण का आरोप लगाया। जब अन्य दो बेटों और परिवार ने विरोध किया, तो आरोपितों ने उन पर हमला कर दिया।..…
थाना क्षेत्र के शर्फुद्दीनपुर टोक वार्ड संख्या-10 में गुरुवार को बेटों ने मां के रिश्तों को तार-तार कर दिया। मां को डायन बता कर उसे अर्धनग्न कर घुमाया। उस पर गलत आचरण का आरोप भी लगाया। इस शर्मनाक घटना का जब पीड़ित महिला के दो अन्य पुत्रों और उसे परिवार के सदस्यों ने विरोध किया और बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपितों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इससे महिला के दो पुत्रों का सिर फोड़ दिया। परिवार की महिला व बच्चों की भी पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया।

सीएचसी में भी आरोपितों ने जमकर बवाल काटा और मारपीट शुरू कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दो गाड़ी पुलिस बल मौके पर पहुंची, तब जाकर मामला शांत हुआ। गंभीर रूप से घायल छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया है। हमले में घायल हुए लोगों में शर्फुद्दीनपुर टोक निवासी पीड़िता मकबूलन खातून, उसका पुत्र मो. इम्तेयाज, उसकी पत्नी रौशन खातून, पुत्र मो. आसिफ, मो. मुमताज और उसकी पत्नी समसा खातून शामिल है।
घायल मो. इम्तियाज ने बताया कि उसके भाई नौशाद व इरफान ने मां पर ही गलत आचरण और डायन होने का आरोप लगाया। उसे अर्धनग्न कर घुमाया। विरोध करने पर परिवार के सदस्यों से मारपीट की। थाना अध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली है। पीड़ित पक्ष से आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




