मेडिकल में जहां खून का सैंपल देंगे, वहीं से मिलेगी जांच रिपोर्ट

Feb 11, 2026 01:50 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share

मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में एक हफ्ते में सेंट्रल कलेक्शन सेंटर शुरू होगा। मरीज यहां खून का सैंपल देंगे और जांच रिपोर्ट भी प्राप्त करेंगे। अधीक्षक डॉ महेश प्रसाद ने विभागाध्यक्षों के साथ बैठक में यह जानकारी दी। बैठक में अस्पताल की व्यवस्था और चिकित्सकीय उपकरणों की कमी पर चर्चा हुई।

मेडिकल में जहां खून का सैंपल देंगे, वहीं से मिलेगी जांच रिपोर्ट

मुजफफरपुर, प्रमुख संवाददाता। एसकेएमसीएच में सेंट्रल कलेक्शन सेंटर एक हफ्ते में शुरू कर दिया जाएगा। इससे कलेक्शन सेंटर में जहां मरीज खून का सैंपल देंगे, वहीं उसकी जांच रिपोर्ट भी मिल जाएगी। एसकेएमसीएच के अधीक्षक डॉ महेश प्रसाद ने मंगलवार को विभागाध्यक्षों के साथ बैठक में इसकी जानकारी दी। बैठक में अस्पताल को सुचारू तौर पर चलाने पर विभागाध्यक्षों संग चर्चा हुई। बैठक में विभागाध्यक्षों ने जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर की कमी, उपकरणों के अभाव का मुद्दा उठाया। इसपर अधीक्षक ने कहा कि जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर के नये आवंटन के बाद समस्या नहीं रहेगी। उपकरणों के लिए भी प्रयास किया जा रहा है।

बैठक में सफाई एजेंसी को निर्देश दिया गया कि अगर अस्पताल में गंदगी दिखी तो एजेंसी का भुगतान रुकेगा। इसके अलावा सभी वार्ड ब्वाय को ड्रेस कोड और आईकार्ड लगाकर रहने का निर्देश दिया गया। बैठक में उपाधीक्षक डॉ सतीश कुमार सिंह, डॉ गोपाल शंकर साहनी, मेडिसिन के विभागाध्यक्ष डॉ अमित कुमार, सर्जरी के विभागाध्यक्ष डॉ सुशांत शर्मा, ऑर्थो के विभागाध्यक्ष डॉ राकेश कुमार, साइकाइट्री के विभागाध्यक्ष डॉ संजय कुमार आदि मौजूद रहे। सुबह और शाम की ओपीडी सुचारू रखें: अधीक्षक ने निर्देश दिया कि इमरजेंसी में भीड़भाड़ नहीं हो। अस्पताल में खराब पड़े आरओ को ठीक कराया जाएगा। साथ ही उसकी देखरेख के लिए एजेंसी के चयन को टेंडर निकाला जाएगा। अधीक्षक ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वह अपने-अपने विभागों में सुबह और शाम की पाली की ओपीडी सुचारू तौर पर चलाएं। साथ ही जो डॉक्टर इंज्यूरी रिपोर्ट बनाते हैं, उसे स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर अपलोड करें। इंज्यूरी रिपोर्ट के अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर अपलोड की जानी है। अधीक्षक ने कहा कि पोस्टमार्टम और इंज्यूरी रिपोर्ट बनाने वाले डॉक्टर अपना रजिट्रेशन स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर करा लें।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।