
उपलब्ध खेल सामग्रियों की आज प्रदर्शनी लगाएंगे स्कूल
संक्षेप: बिहार के सभी स्कूल शनिवार को खेल सामग्रियों की प्रदर्शनी आयोजित करेंगे। शिक्षा विभाग ने अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी के लिए 'खेलो और सीखो' थीम निर्धारित किया है। यह नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप है, जिसमें...
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। सभी स्कूल अपने यहां उपलब्ध खेल सामग्रियों की प्रदर्शनी शनिवार को लगाएंगे। शिक्षा विभाग ने शनिवार को पीटीएम के लिए खेलो और सीखो थीम दिया है जिस पर स्कूलों को काम करना है। मई 2025 से बिहार में वार्षिक कैलेंडर के अनुसार अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 30 अगस्त को राज्य के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया जाना है। विभाग ने निर्देश दिया है कि विद्यालयी शिक्षा में खेल का महत्वपूर्ण स्थान है। नई शिक्षा नीति-2020 में भी राष्ट्रीय स्तर पर शारीरिक शिक्षा को परंपरागत शैक्षणिक प्रक्रिया के साथ समानान्तर रूप से विकसित करने का प्रावधान भी किया गया है।
खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास, मानसिक विकास के साथ-साथ सामाजिक और भावनात्मक विकास में भी अहम भूमिका निभाता है। खेल के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीम वर्क जैसे जीवन कौशल विकसित होते हैं। इन्हीं तथ्यों को ध्यान में रखते हुए अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी के वार्षिक कैलेंडर में ‘खेलो और सीखो थीम को रखा गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




