कर्पूरीनगर में जलजमाव के विरोध में बवाल व आगजनी
शहर के अखाड़ाघाट स्थित कर्पूरीनगर में जलजमाव के विरोध में मोहल्लेवासियों ने रविवार को बवाल किया। आक्रोशितों ने अखाड़ाघाट रोड को जाम कर दिया। सड़क पर टायर जलाकर नगर निगम व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ...
शहर के अखाड़ाघाट स्थित कर्पूरीनगर में जलजमाव के विरोध में मोहल्लेवासियों ने रविवार को बवाल किया। आक्रोशितों ने अखाड़ाघाट रोड को जाम कर दिया। सड़क पर टायर जलाकर नगर निगम व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की। इससे सरैयागंज-जीरोमाइल रोड में एक घंटे तक परिचालन ठप रहा। राहगीरों को भी प्रदर्शनकारियों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।
दोपहर एक बजे से दो बजे तक बवाल चला। आक्रोशितों ने बताया कि वार्ड नंबर 15 के कर्पूरीनगर की एक गली में बिना नाले की सड़क बना दी गई है। वर्षों बाद भी नाला निर्माण नहीं कराया गया। सड़क बेतरतीब ढंग से बना दी गई है। इस कारण सड़क पर एक फीट तक पानी जमा रहता है। यह समस्या सालभर रहती है। लंबे समय तक पानी जमा रहने के कारण मच्छर व दुर्गंध से मोहल्लेवासी परेशान रहते हैं। बीमारियों का प्रकोप इलाके में बढ़ गया है। घंटेभर जाम के बाद प्रबुद्ध लोगों की पहल पर एक एम्बुलेंस को जाने के लिए रास्ता दिया गया। इसके बाद जाम समाप्त कर दिया गया।