मार्च से ही झुलसाने लगेगी गर्मी, 35 डिग्री तक जा सकता है पारा
इस साल मार्च में मुजफ्फरपुर में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। हवा में नमी की मात्रा भी घटने की संभावना है, जिससे गर्मी बढ़ सकती है। होली के दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक पहुंच सकता है।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। इस साल मार्च में लोगों को त्वचा झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। इसके संकेत मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को जारी पांच दिनों के मौसम पूर्वानुमान में दिए हैं। पूर्वानुमान में अनुसार मध्यम मार्च से ही तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पार कर जाने का अनुमान है। वहीं अगले पांच दिनों के अंदर अधिकतम तापमान के 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 14 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच गिरता चढ़ता रहेगा। इन पूर्वानुमानों के बीच शुक्रवार को अधिकतम तापमान आंशिक तौर पर बढ़ा, जबकि न्यूनतम तापमान में मामूली कमी आई।
पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने कहा कि फिलहाल जिले में पछुआ हवा का जोर बना रह सकता है। राजस्थान से आने वाली गर्म हवा के कारण तापमान में अप्रत्याशित बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। 15 मार्च आते-आते अधिकतम तापमान 35 डिग्री पार जा सकता है। हवा में नमी की मात्रा भी तेजी से घटने के आसार हैं। हवा में नमी की मात्रा सुबह में 60 प्रतिशत तो दोपहर में घटकर 25 प्रतिशत पर पहुंच सकती है। इससे तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहने की संभावना है। कहा कि इन हालातों में मार्च के तीसरे सप्ताह से ही त्वचा झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। होली के दिन भी लोगों को अधिक तापमान का सामना करना पड़ सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक जा सकता है। इधर, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 0.3 डिग्री बढ़कर एक बार फिर 29 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। यह सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस कम होकर 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 0.7 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। हवा में नमी की मात्रा सुबह में 80 प्रतिशत तो दोपहर दो बजे 45 प्रतिशत रहा। पूरे दिन 8 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चली।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



