रिटायर सैनिक के घर से 31 लाख की संपत्ति चोरी
मुजफ्फरपुर के भिखनपुरा मोहल्ले में एक रिटायर सैनिक नागेंद्र सिंह के घर से 31 लाख की संपत्ति चोरी हो गई। चोरों ने घर के पीछे की खिड़की का ग्रिल उखाड़कर रात के समय वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र के भिखनपुरा प्रभात नगर मोहल्ला निवासी रिटायर सैनिक नागेंद्र सिंह के घर से 31 लाख की संपत्ति चोरी कर ली गई। घटना गुरुवार देर रात डेढ़ से चार बजे के बीच हुई। चोरों ने घर के पीछे की खिड़की के ग्रिल को उखाड़ कर वारदात को अंजाम दिया। मामले में गृहस्वामी ने कच्ची-पक्की ओपी के माध्यम से सदर थाने में शुक्रवार को केस दर्ज कराया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों को चिह्नित करने में जुट गई है।पूर्व सैनिक ने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात दस बजे वह खाना खाने के बाद परिवार के साथ सो गए।
रात्रि डेढ़ से चार बजे के बीच चोरों ने घर के पीछे की खिड़की का ग्रिल काट कर कमरे में प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने जिस कमरे में वे अपने परिवार के साथ सो रहे थे, उसको बाहर से लॉक कर दिया। फिर दूसरे कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे 30 लाख की सोने, चांदी व डायमंड की ज्वेलरी और 60 हजार नकद समेत 31 लाख की संपत्ति चोरी कर ली। सुबह 4.10 मिनट पर जब नींद खुली तो वे कमरे का दरवाजा खोलने गए तो वह बाहर से बंद था। इसके बाद उन्होंने अपने पड़ोसी को मोबाइल पर कॉल की। उन्होंने आकर दरवाजा खोला। दूसरे कमरे में जाकर देखे तो सारा सामान बिखरा हुआ था। ओपी प्रभारी कुमार नीरव ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। चोरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


