ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार मुजफ्फरपुरमार्च में आया रिजल्ट, पांच महीने बाद भी मार्कशीट का पता नहीं

मार्च में आया रिजल्ट, पांच महीने बाद भी मार्कशीट का पता नहीं

बीआरए बिहार विवि में स्नातक पार्ट थ्री का रिजल्ट मार्च में जारी किया गया था। इसे पांच महीने के बाद भी दर्जनों छात्रों को मार्क्सशीट नहीं मिल सकी है।...

मार्च में आया रिजल्ट, पांच महीने बाद भी मार्कशीट का पता नहीं
हिन्दुस्तान टीम,मुजफ्फरपुरMon, 02 Aug 2021 07:41 PM
ऐप पर पढ़ें

मुजफ्फरपुर। वरीय संवाददाता

बीआरए बिहार विवि में स्नातक पार्ट थ्री का रिजल्ट मार्च में जारी किया गया था। इसे पांच महीने के बाद भी दर्जनों छात्रों को मार्क्सशीट नहीं मिल सकी है। मार्क्सशीट के बिना इन छात्रों को पीजी में नामांकन सहित अन्य कोर्सों में नामांकन लेने में परेशानी आ रही है। ये छात्र लगातार कॉलेज से लेकर विवि तक की दौड़ लगा रहे हैं। इनमें काफी संख्या में छात्र आसपास के जिलों के हैं। बेतिया, मोतिहारी, सीतामढ़ी आदि जिलों के छात्र हर रोज इसके लिए वीवी पहुंच रहे हैं। ऐसे में इन छात्रों का समय के साथ रुपये भी बर्बाद हो रहे हैं।

विवि ने सत्र 2017-20 के पार्ट थ्री का रिजल्ट 13 मार्च को जारी किया गया था। विवि के परीक्षा विभाग का कहना है कि सभी छात्रों की मार्क्सशीट कॉलेज भेज दी गयी है। छात्रों को इसके लिए विवि आने की जरूरत नहीं। वहीं, छात्रों की शिकायत है कि जब कॉलेज में मार्क्सशीट के लिए जाते हैं तो उन्हें विवि जाने को कहा जाता है। वहीं, विवि से उन्हें वापस कॉलेज जाने को कहा जाता है। मोतिहारी के श्रीकृष्ण महिला कॉलेज की छात्रा रिमझिम कुमारी कई दिनों से मार्क्सशीट के लिए कॉलेज व विवि का चक्कर लगा रही है। उसका कहना है कि उसके साथ पार्ट थ्री की परीक्षा देने वाली छात्राओं की मार्क्सशीट कॉलेज आ गयी है। लेकिन, उसके मार्क्सशीट का कोई पता नहीं है। उसकी जैसी कई छात्राएं हैं। इस संबंध में कॉलेज में जाकर पूछा तो बताया गया कि विवि से मार्क्सशीट नहीं आयी है। वहीं, जब विवि पहुंची तो यहां से फिर कॉलेज जाने को कहा गया। बताया गया कि कॉलेज से ही मार्क्सशीट और प्रोविजनल सर्टिफिकेट मिलेगा। उधर, एलएसके कॉलेज सीतामढ़ी के छात्र रौशन कुमार की भी मार्क्सशीट कॉलेज में नहीं आयी है। इसके लिए वह कॉलेज से लेकर विवि तक का चक्कर काट रहा है। बताया कि उसे आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली जाना है और बिहार विवि मार्क्सशीट क लिए एड़ियां घिसवा रहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें