
बिहार चुनाव में मचेगा घमासान, बागियों ने बढ़ाई सियासी गर्मी!
मुजफ्फरपुर में पांच विधानसभा सीटों पर बगावत के सुर उठ रहे हैं। भाजपा और महागठबंधन के बागियों की गतिविधियों से दलों की चिंता बढ़ गई है। टिकट कटने से आहत नेता चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे...
जिले की पांच विधानसभा सीटों पर बगावत के सुर उठ रहे हैं। बागियों के तल्ख तेवर से दोनों प्रमुख गठबंधनों की चिंता बढ़ गई है। कुछ सीटों पर बागी सीधे मैदान में उतरने की तैयारी में हैं तो कई सीटों पर पर्दे के पीछे से खेल हो सकता है। ऐसे में बगावत को संभालना दलों और उम्मीदवारों के लिए चुनौती बन रहा है। औराई में टिकट कटने से आहत भाजपा के रामसूरत राय उपेक्षा का आरोप लगा रहे हैं। उनके समर्थक मुजफ्फरपुर से पटना तक आवाज बुलंद कर रहे हैं।

ऐसे में तरह-तरह की अटकलें लग रही हैं। माना जा रहा है कि इस उलटफेर का असर औराई में दिख सकता है। भाजपा ने औराई से पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी रमा निषाद को मैदान में उतारा है। दूसरी ओर, महागठबंधन से औराई की सीट वीआईपी के कोटे में जा रही है। जजुआर पश्चिमी इलाके के भोगेंद्र सहनी को यहां से वीआईपी के उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। उनके शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने की बात कही जा रही है। उधर, राजद के वरिष्ठ नेता अर्जुन राय भी असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। वे भी चुनावी मैदान में ताल ठोक सकते हैं।
बताया जाता है कि उन्होंने क्षेत्र में समर्थकों से संपर्क साधा है। ऐसे में औराई में नए समीकरण उभर सकते हैं। पारू में लगातार चार बार जीत दर्ज करने वाले भाजपा के अशोक सिंह का भी टिकट कट गया है। यह सीट राजग के रालोमो के कोटे में चली गई है। अशोक सिंह ने निर्दलीय चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा कर दी है। वे भी चुनावी गणित बदलने का दावा कर रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


