
मुजफ्फरपुर में पछुआ हवा का असर, अगले पांच दिन बढ़ेगी सर्दी और धुंध
संक्षेप: मुजफ्फरपुर में मौसम विज्ञान विभाग ने तापमान में तेजी से गिरावट की चेतावनी दी है। अगले पांच दिन में तेज पछुआ हवा चलने के कारण सुबह और शाम में धुंध बढ़ने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी आई है, जिससे ठंड का अहसास बढ़ गया है।
मौसम विज्ञान विभाग ने तापमान में तेजी से गिरावट आने की संभावना जताई है। विभाग ने शुक्रवार को अगले पांच दिनों का पूर्वानुमान जारी किया। इसमें तेज पछुआ हवा के कारण सुबह और शाम में धुंध और बढ़ने का अनुमान बताया है। वहीं पिछले 24 घंटे में जिले में तापमान में डेढ़ डिग्री तक की कमी आई है। इससे अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया। दोनों तापमान पिछले कई दिनों से सामान्य से उपर बना हुआ था।

पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि मंगलवार तक जिले में तेज गति से पछुआ हवा चलने की संभावना दिख रही है। इसके असर से जहां तापमान में गिरावट आ सकती है, वहीं कोहरा जनित धुंध का असर बढ़ने की भी संभावना दिख रही है। खासकर सुबह और शाम के समय धुंध अधिक रहेगा। इसलिए वाहन चालकों, विशेषकर दोपहिया चालकों को वाहन चलाने में सावधानी रखनी होगी।
इधर शुक्रवार को अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री की कमी के साथ 30.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.1 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री कम 17.1 डिग्री पर पहुंच गया। इसमें 1.5 डिग्री तक की कमी आई। इस दौरान 12 किमी की गति से पछुआ हवा चलने से लोगों को रात में अधिक ठंड का अहसास हुआ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




