
राहुल की बिहार में पहली चुनावी सभा आज सकरा में
कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की पहली चुनावी सभा बुधवार को मुजफ्फरपुर के सकरा में होगी। सभा का आयोजन मझौलिया मैदान में सुबह 11 बजे होगा। राहुल के साथ तेजस्वी यादव और अन्य नेता भी सभा में शामिल होंगे।...
मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। कांग्रेस के स्टार प्रचारक लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की बिहार में पहली चुनावी सभा बुधवार को मुजफ्फरपुर के सकरा में होगी। मझौलिया मैदान में आयोजित यह सभा सुबह 11 बजे शुरू होगी। सभा को राहुल के साथ ही विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और महागठबंधन के अन्य नेता भी संबोधित करेंगे। इसके बाद, राहुल दोपहर एक बजे दरभंगा के सरद प्रखंड स्थित लोआम गांव में चुनावी सभा करेंगे। बड़े नेताओं ने सभास्थल का जायजा लिया : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सकरा के मझौलिया मैदान में होने वाली सभा को लेकर तैयारी का जायजा लेने बड़े नेता सभास्थल पर पहुंचते रहे।

कांग्रेस के बिहार प्रभारी सुशील पासी, एआईसीसी के पर्यवेक्षक दिनेश गुर्जर व अन्य नेताओं ने मंगलवार को सभास्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। टीम ने स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं और चुनाव अभियान समिति के सदस्यों से बातचीत की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने बताया कि राहुल की सकरा में चुनावी सभा को लेकर प्रशासन से औपचारिक अनुमति मिल गई है। राहुल पटना से पांच सीटर हेलीकॉप्टर से सीधे सभास्थल पर पहुंचेंगे। मंच पर महागठबंधन के जिले के सभी 11 विस के प्रत्याशी मौजूद रहेंगे। जिले में दो सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें सकरा से उमेश राम और मुजफ्फरपुर से विजेंद्र चौधरी उम्मीदवार हैं। इस बीच, कांग्रेस के बिहार प्रभारी सुशील पासी भी मुजफ्फरपुर पहुंच गए हैं। उन्होंने जिला कांग्रेस कमेटी से जुड़े नेताओं व कार्यकर्ताओं संग बैठक की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि राहुल गांधी की सभा में महागठबंधन से जुड़े सभी दलों के नेता, कार्यकर्ता व समर्थक शिरकत करेंगे। इधर, राजद के जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता ने भी मंगलवार को स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ सभास्थल का निरीक्षण कर तैयारी का जायजा लिया। राजद जिलाध्यक्ष ने बताया कि दोनों नेताओं का कार्यक्रम बुधवार के दिन दोपहर में होगी। मौके पर जिला अकलियत कमेटी के अध्यक्ष मो सज्जाद, रमेश यादव, सकरा प्रमुख मो. नूर आलम, राजद प्रखंड अध्यक्ष शिवचरण राम, मो. रेयाज अहमद, मनोज पासवान, शशिभूषण राय आदि थे ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




