सरैया नपं : मनमाना होल्डिंग टैक्स के विरोध में प्रदर्शन
नगर पंचायत कार्यालय पर जनसंघर्ष कमेटी ने मनमाना होल्डिंग टैक्स वसूली के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पदाधिकारियों से जवाब मांगा। कार्यपालक पदाधिकारी पूजा कुमारी ने आश्वासन दिया कि केवल नौ प्रतिशत टैक्स लिया जाएगा और अन्य मुद्दों पर कार्रवाई का भी आश्वासन दिया।

- प्रदर्शनकारियों ने पदाधिकारियों से मांगा जवाब सरैया, हिन्दुस्तान संवाददाता। नगर पंचायत कार्यालय पर बुधवार को मनमाना होल्डिंग टैक्स वसूली के विरोध में जनसंघर्ष कमेटी ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पदाधिकारियों से जवाब देने की मांग की। बाद में कार्यपालक पदाधिकारी पूजा कुमारी ने प्रतिनिधियों से बात की।उन्होंने आश्वासन दिया कि कुल राशि का मात्र नौ प्रतिशत ही टैक्स के रूप में लिया जाएगा तथा इस संबंध में शीघ्र निर्देश जारी किया जाएगा। साथ ही जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निःशुल्क देने और क्षेत्र को जंगली जानवरों से मुक्त कराने की बात कही गई। प्रदर्शनकारियों ने पीएम आवास योजना में रिश्वत, टैक्स वसूली में अनियमितता, बिचौलिये की भूमिका, अतिक्रमण हटाने से पूर्व वैकल्पिक व्यवस्था, ट्रैफिक व्यवस्था सुधार और बाईपास सड़क निर्माण जैसे मुद्दे उठाए।
इसपर पदाधिकारी ने सभी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इससे पहले कमेटी के संरक्षक रामप्रीत राय, सचिव अशर्फी राम के नेतृत्व में मणिकपुर से जुलूस निकाला गया, जो सरैया बाजार, मोती चौक होकर पुनः नगर पंचायत कार्यालय पहुंचा। सभा को राजू गुप्ता, अजय गुप्ता, सुनील कुमार गुप्ता, नन्हक साह, राजेश्वर तिवारी आदि ने संबोधित किया।


