Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsProtection Gang Assaults Mother and Sons Over Extortion Demand in Muzaffarpur
प्रोटेक्शन गैंग ने अमर सिनेमा रोड में मां-बेटों से की मारपीट

प्रोटेक्शन गैंग ने अमर सिनेमा रोड में मां-बेटों से की मारपीट

संक्षेप:

मुजफ्फरपुर के अमर सिनेमा रोड पर रंगदारी नहीं देने पर प्रोटेक्शन गैंग ने एक मां और उसके दो बेटों के साथ मारपीट की। तीनों को गंभीर चोटें आईं और इलाज के लिए सदर अस्पताल जाना पड़ा। महिला ने नगर थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Dec 20, 2025 10:43 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share Share
Follow Us on

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के अमर सिनेमा रोड में शनिवार को रंगदारी नहीं देने पर प्रोटेक्शन गैंग के बदमाशों ने मां और उसके दो बेटों से जमकर मारपीट की। इसमें तीनों को गंभीर चोट आई। एक बेटे को आंख के नीचे गहरा जख्म आया है। तीनों ने सदर अस्पताल में इलाज कराया। मामले में फरीदी कटरा गली की मुन्नी वारसी ने नगर थाने में प्रोटेक्शन गैंग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। अमर सिनेमा रोड में प्रोटेक्शन गैंग के हमले के बाद भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के बीच-बचाव करने पर गैंग के गुर्गे मौके से भागे। मुन्नी वारसी ने छोटी मजार के मैंगो उर्फ शूटर, चकबासू के तालीम और महाराजी पोखर के दानिश समेत 20-25 अज्ञात को आरोपित बनाया है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

महिला ने पुलिस को बताया कि शनिवार को उनके दोनों बेटे समीर और जिशान अमर सिनेमा रोड स्थित एक माल में खरीदारी करने गए थे। खरीदारी कर निकलने के बाद आरोपितों ने दोनों को घेर लिया। रंगदारी मांगने लगे। नहीं देने पर जमकर मारपीट की। पॉकेट के रुपये छीन लिए। इसी बीच जानकारी मिलने पर वह घटनास्थल पर पहुंची। बीच-बचाव करने पर आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की। गले से सोने की चेन छीन ली। आसपास के लोग जुटे तो गैंग के सभी हमलावर रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए भाग निकले। जिशान ने बताया कि पूर्व में भी इसी गिरोह ने 20 हजार रुपये रंगदारी देने को कहा था। पूछने पर कहा कि इस सड़क से गुजरोगे तो रंगदारी देनी होगी। डर के कारण उसने छह सौ रुपये उस दिन दे दिया। शनिवार को फिर से इसी गिरोह ने रंगदारी की मांग की और नहीं देने पर पिटाई कर दी। नगर थानेदार कमलेश कुमार ने बताया कि थाने में शिकायत की गई है। प्रोटेक्शन गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।