Muzaffarpur News: शराब धंधेबाज ने पुलिस पर किया हमला, रॉड मार तोड़ दिया पैर
Muzaffarpur News: शुक्रवार को औराई के सरहंचिया गांव में शराब तस्करी की सूचना पर गई पुलिस पर धंधेबाज ने हमला कर दिया। इस हमले में चौकीदार मो. जैनुल का पैर टूट गया। तस्कर बाइक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर छापेमारी शुरू की है।

Muzaffarpur News: औराई, एसं। थाना क्षेत्र के सरहंचिया गांव में शुक्रवार दोपहर शराब तस्करी की सूचना पर पहुंची पुलिस कर्मियों पर धंधेबाज ने हमला कर दिया। लोहे की रॉड के वार से चौकीदार मो. जैनुल का दाहिना पैर टूट गया। वारदात के बाद आरोपित तस्कर शराब रखी बाइक लेकर फरार हो गया। जख्मी चौकीदार को पहले एसकेएमसीएच ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया गया।घटना के बाद औराई थानाध्यक्ष सुनील कुमार दल-बल के साथ सरहंचिया पहुंचे और फरार तस्कर की तलाश में छापेमारी शुरू की। उसके खिलाफ पुलिस पर हमले और शराब तस्करी का केस दर्ज किया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि थाने के दारोगा सुदर्शन सिंह और चौकीदार मो. जैनुल बाइक से सरहंचिया गांव के कुख्यात शराब धंधेबाज सुभाष बैठा के खिलाफ जारी वारंट के सिलसिले में जानकारी लेने गए थे। सुभाष के खिलाफ धारा 41 के तहत वारंट जारी था। पुलिस के अनुसार, सुभाष के खिलाफ शराब तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। पिछले चार साल में पुलिस उसे तीन बार गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन जमानत पर छूटते ही वह फिर से धंधे में जुट जाता है। पुलिस के मुताबिक, जानकारी लेने के दौरान ही दारोगा को सूचना मिली कि सुभाष बाइक से शराब की डिलीवरी देने जा रहा है। दोनों ने उसे घेरकर रोका और बाइक की तलाशी ली। बाइक की डिक्की में शराब बरामद हुई। शराब मिलते ही बाइक पर सवार दो लोग भागने लगे। इस दौरान सुभाष ने पास के गैराज से लोहे की रॉड उठा ली और पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। रॉड का वार सीधे चौकीदार जैनुल के दाहिने पैर पर लगा, जिससे हड्डी टूट गई। इस हमले में दारोगा सुदर्शन सिंह बाल-बाल बच गए। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


