Muzaffarpur News: डिफरमेंट के नाम पर मनमानी, तीन दिन में 14 हजार घरों की बिजली कटी
Muzaffarpur News: प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए डिफरमेंट चार्ज ने बड़ी परेशानी पैदा की है। पिछले तीन दिनों में 14 हजार उपभोक्ताओं की बिजली काटी गई और बिना पूर्व सूचना के खाते से पैसे काटे गए। उपभोक्ता कंपनी की इस प्रक्रिया पर नाराजगी जता रहे हैं।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए डिफरमेंट चार्ज सबसे बड़ी पीड़ा बन गई है। पिछले तीन दिनों में शहर में 14 हजार से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली इसी नाम पर काट दी गई। किसी को पहले सूचना नहीं दी गई। बैलेंस कम होते ही मीटर ने खुद-ब-खुद सप्लाई बंद कर दी। गुरुवार को फिक्स चार्ज के नाम पर चार हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। वहीं, मंगलवार और बुधवार को भी 10 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं के खातों से 100 से 500 रुपये काटे गये। कई उपभोक्ताओं के खाते से 2-2 हजार भी एक साथ कट गये。
डिफरमेंट चार्ज के कारण
तीन दिनों में 14 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के खातों से डिफरमेंट चार्ज काटा गया। दोबारा रिचार्ज के बाद 8879 उपभोक्ताओं की बिजली बहाल हुई, लेकिन 5121 उपभोक्ता अब भी अंधेरे में हैं। आंकड़े देखें तो हर तीसरा उपभोक्ता, जिसका कनेक्शन कटा था, आज भी बिजली का इंतजार कर रहा है। दो दिन में ही 10 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं का खाता खाली हो गया। बैलेंस जीरो होते ही मीटर ने सप्लाई बंद कर दी गई। उपभोक्ताओं को समझ नहीं आया कि इतनी बड़ी राशि किस मद में काटी गई।
कटौती की प्रक्रिया
उपभोक्ताओं का आरोप है कि कंपनी के पास यह बताने का कोई साधन ही नहीं है कि टीओडी टैरिफ के तहत प्रतिदिन खाते से कितना शुल्क कटना चाहिए। स्मार्ट मीटर लगे पांच साल हो चुके हैं, लेकिन आज तक कंपनी अपने फिक्स चार्ज व अन्य शुल्क को कैलकुलेट करने का मैकेनिज्म विकसित नहीं कर सकी है। चांदनी चौक के उपभोक्ताओं ने बताया कि पहले से न एसएमएस आता है, न नोटिस, न एप पर अलर्ट। सीधे खाते से कटौती और तुरंत बिजली बंद कर दी जाती है।
उपभोक्ताओं की शिकायतें
हरपुर लोहड़ी और लक्ष्मी चौक के उपभोक्ताओं ने कहा कि यह पहली बार नहीं हुआ। हर दो-तीन महीने पर डिफरमेंट को लेकर हंगामा होता है। संजय सिनेमा रोड, ब्रह्मपुरा, बालूघाट, सिकंदरपुर जैसे इलाकों के उपभोक्ताओं ने कहा कि बिना पूर्व सूचना पैसा काटना अनुचित है। कंपनी अपना सिस्टम दुरुस्त करे और नियमित तरीके से शुल्क वसूले। अचानक राशि काटकर जानकारी नहीं देना गलत जैसा है। गुरुवार को चांदनी चौक, सदातपुर, राहुल नगर, वीआईपी कॉलोनी, बैरिया, लक्ष्मी चौक, दाउदपुर कोठी, बालूघाट, दादर, अयाचीग्राम समेत कई मोहल्लों में बिजली कटने से उपभोक्ता परेशान रहे।
बयान
स्मार्ट प्रीपेड मीटर से होने वाली कटौती किसी एक मद तक सीमित नहीं है। इसमें फिक्स्ड चार्ज, सुपरविजन शुल्क, अतिरिक्त (एक्सेस) लोड पर लगने वाला शुल्क और अन्य देय राशि शामिल होती है। घरेलू उपभोक्ताओं से फिक्स्ड चार्ज 80 रुपये प्रति किलोवाट के हिसाब से लिया जाता है।
-विजय कुमार, कार्यपालक विद्युत अभियंता, अर्बन एक मुजफ्फरपुर


