मीनापुर में इलाज के दौरान प्रसव पीड़िता की मौत, हंगामा
मीनापुर के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान 21 वर्षीय पिंकी देवी की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और अस्पताल को सील कर दिया। पिंकी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

मीनापुर, हिन्दुस्तान संवाददाता। प्रखंड के अस्पताल चौक के समीप स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान प्रसव पीड़िता की मौत हो गई है। वह नगर पंचायत मीनापुर के वार्ड संख्या-4 निवासी लखींद्र कुमार की पत्नी पिंकी देवी (21) थी। उसकी मौत के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने अस्पताल की डॉक्टर व कर्मियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस को आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने अस्पताल को सील कर जांच शुरू कर दी है।पिंकी के देवर इंदल कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 10 अप्रैल को प्रसव पीड़ा होने पर उनको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जा रहे थे।
साथ में आशा कार्यकर्ता भी थी। बहला फुसला कर उसकी भाभी को मीनापुर हॉस्पिटल चौक के चौहान मार्केट स्थित गोल्ड हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया। 11 अप्रैल को अस्पताल की डॉक्टर ने बोला कि स्थिति गंभीर है ऑपरेशन करना होगा। उसके बाद ऑपरेशन हुआ। 12 को खून की जरूरत बता इसके नाम पर साढ़े सात हजार रुपये जमा कराए गए। अगले दिन खून चढ़ाया गया। खून चढ़ते ही पिंकी को तेज बुखार हो गया और शरीर में दाना निकलने लगा। बताया कि 14 अप्रैल को स्थिति और नाजुक हो गई। उसके नाक व मुंह से खून आने लगा। इसके बाद देर रात पिंकी को वहां से रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उसको शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां दो दिन तक उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया। 16 अप्रैल को शाम करीब चार बजे पिंकी की मौत हो गई। उसकी मौत से आक्रोशित परिजन उसके शव को लेकर गुरुवार देर रात जब मीनापुर के निजी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। इसके बाद अस्पताल के सभी कर्मी फरार हो गया।उधर, पिंकी की मौत की खबर मिलते ही कापी संख्या में ग्रामीण निजी अस्पताल पहुंच हंगामा करने लगे। इसकी सूचना पर पहुंची नगर पंचायत के मुख्य पार्षद पूनम देवी व पुलिस ने परिजनों को समझा कर मामले को शांत करवाया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। मीनापुर थानाध्यक्ष राम एकबाल प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार सुबह महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से निजी हॉस्पिटल को सील कर दिया है। पिंकी के देवर ने पुलिस को दिए आवेदन में हॉस्पिटल की डॉक्टर बबीता कुमारी समेत कर्मियों के खिलाफ शिकायत की है। जांच कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Kaushalendra Jhaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


