बिहार के नवनिर्माण के लिए चलेगा अभियान : प्रशांत किशोर

Feb 13, 2026 01:56 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share

मुजफ्फरपुर में प्रशांत किशोर ने बिहार के नवनिर्माण के लिए नया अभियान शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी का पुनर्गठन किया जाएगा और जनता के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। रोजगार, शिक्षा और उद्योग के माध्यम से स्थायी बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

बिहार के नवनिर्माण के लिए चलेगा अभियान : प्रशांत किशोर

मुजफ्फरपुर, वसं। जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा है कि वह बिहार के नवनिर्माण को लेकर नया अभियान शुरू करेंगे। इससे पहले संगठन का पुनर्गठन किया जाएगा। इसके लिए पार्टी के साथियों से विचार-विमर्श किया जाएगा। इससे पार्टी के कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर सकेंगे। शहर के एक होटल में गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों से सबक मिला है। आगे की रणनीति स्पष्ट है। जनता के मुद्दों को लगातार उठाते रहना होगा। लोकतंत्र में विकल्प मजबूत होगा तो जनता का फायदा तय है, चाहे दल कोई भी हो।

उन्होंने कहा कि अगर बेहतर व्यवस्था बने तो सूबे के हर परिवार को हर महीने 15 से 20 हजार रुपये तक का लाभ मिलना संभव है। रोजगार और पलायन के मुद्दे पर सरकार को घेरा : प्रशांत किशोर ने पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ मैराथन बैठक की। उन्होंने कहा कि इस बार उन्हें जनता का समर्थन नहीं मिला, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि भविष्य में सुधार संभव नहीं है। सूबे में भ्रष्टाचार जिस स्तर पर पहले था, वह अब भी बरकरार है। सवाल यह है कि क्या एकमुश्त राशि से हालात बदलेंगे या शिक्षा, रोजगार और उद्योग के जरिए स्थायी बदलाव आएगा? धान खरीद के मुद्दे पर उन्होंने सरकार पर हमले किए। रोजगार और पलायन के मुद्दे पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब तक हर प्रखंड में फैक्ट्री नहीं लगेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के साधन विकसित नहीं होंगे, तब तक बिहार से पलायन नहीं रुकेगा। आगामी लोकसभा चुनाव की ओर संकेत करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ऐसे पार्टी के प्रतिनिधियों को संसद भेजे जो सूबे के हर प्रखंड में फैक्ट्री लगाने का वादा करे। तब ही राज्य की तस्वीर बदली जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन सुराज को सत्ता में हिस्सेदारी नहीं, बल्कि बिहार के विकास की गारंटी चाहिए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।