अहियापुर थाना क्षेत्र के अयाची ग्राम के रहने वाले सेना के जवान अतुल कुमार सिंह (30 वर्ष) की दिल्ली में सड़क हादसे में मौत हो गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद दिल्ली से जवान का शव घर पहुंचा। इसके बाद परिजनों में चीत्कार मच गई। रिटायर्ड सैनिक हरेंद्र कुमार सिंह के सबसे छोटे पुत्र अतुल वर्ष 2012 में सेना में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह दिल्ली में पोस्टेट थे। राजकीय सम्मान के साथ सिकंदरपुर घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
रिटायर्ड सैनिक हरेंद्र सिंह मूलरूप से सीतामढ़ी जिले के बेलसंड थाना क्षेत्र के रुपौली के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह अयाचीग्राम में मकान बनाकर परिवार संग रहते हैं। इनके दो अन्य पुत्र अनुज कुमार व आशुतोष कुमार भी सेना में कार्यरत हैं। अतुल बीते कुछ महीनों से दिल्ली में थे। पत्नी व चार साल की छोटी बेटी अदिति भी उसके साथ रहती थी। बीते 14 दिसंबर को सब्जी लाने के दौरान अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में ठोकर मार दी। घटना में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गये थे। दिल्ली के सेना अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। वहां, रविवार सुबह उनकी मौत हो गई। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए चक्कर मैदान स्थित सेना के स्टेशन हेडक्वार्टर के अधिकारी भी सिकंदरपुर घाट पहुंचे।