रेड लाइट एरिया से मुक्त किशोरियों की उम्र के सत्यापन को हुई जांच
मुजफ्फरपुर में रेड लाइट एरिया से मुक्त की गई छह किशोरियों का उम्र सत्यापन सदर अस्पताल में किया गया। मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट न्यायालय में पेश की जाएगी। पॉक्सो एक्ट के तहत धाराएं किशोरियों की उम्र के अनुसार बदलती हैं। पुलिस ने एफआईआर में चार किशोरियों की उम्र 17, एक की 16 और एक की 13 वर्ष बताई है।
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। रेड लाइट एरिया की मैना गली और शुक्ला रोड स्थित दो कोठे से मुक्त कराई गईं छह किशोरियों की उम्र का सत्यापन कराया गया। पुलिस ने सदर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड के सामने रविवार को सभी छह किशोरियों को पेश किया। मेडिकल बोर्ड के चिकित्सकों ने किशोरियों की जांच की। सभी की उम्र के संबंध में मेडिकल रिपोर्ट न्यायालय में पेश की जाएगी। पॉक्सो मामले में किशोरियों की उम्र के अनुसार धाराएं बदल जाती है, इसलिए नगर थाने की पुलिस को कोर्ट ने सभी किशोरियों की उम्र के सत्यापन का निर्देश दिया है। शैक्षणिक प्रमाणपत्र नहीं रहने पर मेडिकल बोर्ड से किशोरियों का उम्र सत्यापन कराया जाता है।
नगर थानेदार ने बताया कि रविवार को सदर अस्पताल में किशोरियों का उम्र सत्यापन कराया गया है। पुलिस ने एफआईआर में चार किशोरियों की उम्र 17 वर्ष, एक की 16 और एक की 13 वर्ष बताई है। हालांकि, किसी की उम्र को लेकर कोई कागजी साक्ष्य न्यायालय में नहीं दिया गया है। इस तरह मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट से सभी की उम्र का निर्धारण कराया जाएगा। एफआईआर में पॉक्सो की धारा चार, छह, आठ और 10 लगाई गई है। 13 साल की किशोरी से दुष्कर्म सत्यापित होने पर मामले में आरोपितों पर कानून की सख्ती और अधिक होगी। पुलिस कोर्ट में पेशी करेगी छापेमारी की वीडियोग्राफी : पुलिस ने सबाना खातून और कुमारी पल्लवी के घर कोठे पर छापेमारी की वीडियोग्राफी भी कराई है। इसमें किशोरियों को मुक्त कराने के साथ कमरे से मिले आपत्तिजनक सामान आदि की जब्ती के भी साक्ष्य हैं। इस वीडियो को सीसीटीएनएस पर अपलोड कराया जाएगा, ताकि कोर्ट इस कार्रवाई का लाइव सीन देख सके। आज किशोरियों का न्यायालय में कराया जाएगा बयान : सभी किशोरियों का पुलिस ने बयान लिया है और इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई है। अब किशोरियों का धारा 164 के तहत भी कोर्ट में बयान कराया जाएगा। इसके लिए सोमवार को न्यायालय में सभी किशोरियों को पेश किया जाएगा। मामले में कोर्ट के समक्ष किशोरियों के बयान का अधिक महत्व होगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




