Muzaffarpur News: मुखिया-सरपंच ही नहीं, थाने में पंच-वार्ड सदस्य की भी चलेगी
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में पुलिस मुख्यालय ने थानेदारों को निर्देश दिया है कि वे अब मुखिया और सरपंच के साथ-साथ पंच और वार्ड सदस्यों की भी राय लेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर झगड़ों का सुलझाना आसान होगा और पंचों का मान-सम्मान बढ़ेगा। जानकारी संग्रहण में भी वृद्धि होगी।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। थानों में मुखिया और सरपंच की ही नहीं, अब पंच और वार्ड सदस्यों की भी चलेगी। स्थानीय स्तर पर होने वाले झगड़ों को सुलझाने में थानेदार पंचों की भी राय लेंगे। पुलिस मुख्यालय ने थानेदारों को सामुदायिक पुलिसिंग के तहत स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता बढ़ाने का निर्देश दिया है। इसके लिए गाइडलाइन भी जारी की गई है, जिसमें जिला पार्षद, मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य के अलावा पंच व वार्ड सदस्य के साथ समन्वय बनाने का निर्देश दिया गया है।
सूचनाओं का दायरा बढ़ेगा
अब तक किसी भी मामले में थानेदार केवल मुखिया और सरपंच से ही पूछताछ करते रहे हैं। पंच और वार्ड सदस्यों की थाने में कोई पूछ नहीं होती थी, लेकिन मुख्यालय के नए निर्देश से न केवल पंचायत प्रतिनिधियों में हाशिए पर रहने वाले पंच व वार्ड सदस्यों का समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा, बल्कि थाने के अधिकारियों की भी समाज में निचले स्तर तक पैठ बढ़ेगी।
थाने में बढ़ेगा सूचना का दायरा
पुलिस मुख्यालय का मानना है कि पंच और वार्ड सदस्य गांव के हर गली-मोहल्ले से जुड़े होते हैं। उन्हें छोटी से छोटी घटना की जानकारी होती है, जो अक्सर मुखिया और सरपंच तक नहीं पहुंच पाती। यदि थाने में इनकी भी सुनी जाएगी तो दूर-दराज के गांव में होने वाली छोटी घटनाओं के संबंध में भी आसानी से पुलिस तक जानकारी पहुंच सकेगी। नई व्यवस्था के तहत अब थाने में सूचनाओं का दायरा भी बढ़ेगा। थानेदार को अपने क्षेत्र के सभी पंच और वार्ड सदस्यों के नाम, मोबाइल नंबर और क्षेत्र की जानकारी रखनी होगी। विवाद की स्थिति में थानेदार संबंधित वार्ड के पंच और वार्ड सदस्य से संपर्क कर जमीनी हकीकत जानेंगे। इससे निष्पक्ष जांच में मदद मिलेगी। इसके अलावा थाने पर आयोजित होने वाली शांति समिति की बैठक और जनसंवाद कार्यक्रम में भी पंच और वार्ड सदस्यों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाएगा। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए यह कदम उठाया गया है।


