
ट्रक पर मधुमक्खी के बॉक्स में छुपाकर रखी 30 लाख की शराब जब्त
करजा थाने के समीप पुलिस ने वाहन जांच के दौरान 3240 लीटर विदेशी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 30 लाख रुपए है। शराब को मधुमक्खी के बॉक्स में छुपाकर रखा गया था। ट्रक चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी।
मड़वन, एक संवाददाता। करजा थाने के समीप बुधवार को वाहन जांच के दौरान पुलिस ने ट्रक पर लोड 3240 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। शराब की अनुमानित कीमत 30 लाख रुपए बताई जा रही है। शराब को मधुमक्खी के बॉक्स में छुपाकर रखी गई थी। ट्रक चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रक चालक वैशाली जिले के भगवानपुर थाने का निवासी उमेश सहनी है, जबकि उपचालक करजा थाना क्षेत्र के भटौना निवासी शेखर सहनी है। पुलिसिया पूछताछ में चालक ने बताया कि वह सोनीपत से शराब की खेप लेकर चला था। तुर्की थाना क्षेत्र के एक तस्कर को डिलीवरी देनी थी।
करजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप जब्त की है। यह कार्रवाई करजा थाना के समीप वाहन चेकिंग अभियान के दौरान की गई, जिसमें कुल 3240 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस को यह सफलता पटना उत्पाद विभाग से मिली गुप्त सूचना के आधार पर मिली। अपर थानेदार कृष्णकांत मिश्रा ने बताया कि उत्पाद की सूचना पर थाने के समीप बैरियर लगाकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान छपरा की ओर से आ रहे ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। करजा थानेदार रामकृष्ण परमहंस ने बताया कि चालक व खलासी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर शराब तस्कर की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




