करजा : 736 लीटर विदेशी शराब के साथ चार गिरफ्तार, चार वाहन जब्त
मड़वन-टेढ़िया पुल के समीप पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की। चार धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया और एक ट्रक, बोलेरो तथा दो मालवाहक पिकअप भी जब्त किए गए। करजा थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है। गिरफ्तार आरोपित दूसरे राज्यों से शराब लाकर स्थानीय लोगों को बेचते थे।

मड़वन। एक संवाददाता करजा थाना क्षेत्र के मड़वन-टेढ़िया पुल के समीप बुधवार को छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की। मौके से चार धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही एक ट्रक, एक बोलेरो और दो मालवाहक पिकअप को भी जब्त किया गया।मामले में थानाध्यक्ष रामकृष्ण परमहंस के बयान पर करजा थाना में गिरफ्तार चारों आरोपितों सहित आठ अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। 83 कार्टन में रखी शराब की कुल मात्रा 736 लीटर 200 एमएल बताई गई है। दर्ज मामले के अनुसार, करजा पुलिस को मध निषेध इकाई पटना से सूचना मिली थी कि मड़वन-टेढ़िया पुल के समीप पानापुर की ओर जाने वाली सड़क पर शराब धंधेबाजों की ओर से भारी मात्रा में विदेशी शराब मंगाकर उतारी जा रही है।
सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। पुलिस वाहन को देखते ही वहां मौजूद सात-आठ लोग इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने खदेड़कर चार लोगों को पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। पूछताछ में गिरफ्तार लोगों ने बताया कि वे दूसरे राज्यों से शराब मंगाकर स्थानीय छोटे धंधेबाजों को बेचते थे। गिरफ्तार आरोपितों में पंजाब के तरनतारन जिले के बालाचक निवासी सतनाम सिंह, पानापुर करियात थाना क्षेत्र के अररा निवासी रविरंजन कुमार, करजा थाना क्षेत्र के बगाही निवासी रामबाबू पासवान तथा सकरा थाना क्षेत्र के सकरा निवासी सूरज कुमार उर्फ नंदलाल शामिल हैं। थानाध्यक्ष रामकृष्ण परमहंस ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


