गोदाम से चारी 33 गांठ कपड़ा बरामद, व्यवसायी गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर में अहियापुर के दादर स्थित ट्रांसपोर्ट एजेंसी के गोदाम से 21 फरवरी को चोरी हुई कपड़े की 33 गांठ पुलिस ने हरसिद्धि के व्यवसायी मुकेश कुमार के गोदाम से बरामद की। मुकेश को गिरफ्तार किया गया है और मामले में एक ट्रैक्टर भी जब्त किया गया है। पुलिस फरार मास्टर माइंड की तलाश कर रही है।

मुजफ्फरपुर, हिप्र। अहियापुर के दादर स्थित एक ट्रांसपोर्ट एजेंसी के गोदाम से 21 फरवरी की सुबह चोरी हुई कपड़ा की 33 गांठ को पुलिस ने पूर्वी चंपारण जिला के हरसिद्धि के कपड़ा व्यवसायी मुकेश कुमार के गोदाम से बरामद किया। साथ ही व्यवसायी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक ट्रैक्टर भी जब्त किया गया है। एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में बताया कि चोरी हुई कपड़े की पूरी गांठ बरामद कर ली गई है। चोरी का मास्टर माइंड फरार है। उसकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। मौके पर एसडीपीओ नगर-दो विनीता सिन्हा व अहियापुर थानाध्यक्ष रोहन कुमार थे।
सिटी एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने उनके अनुश्रवण में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। एसडीपीओ नगर-दो के नेतृत्व में गठित इस टीम में डीआईयू व अहियापुर थानाध्यक्ष को शामिल किया गया था। गोदाम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पिकअप की पहचान की गई। इसके माध्यम से जांच में हरसिद्धि के कपड़ा व्यवसायी मुकेश तक पुलिस पहुंच गई। उसने कपड़े की गांठ खरीदी थी। ट्रांसपोर्ट एजेंसी के शाखा प्रबंधक सरैया थाना के बहिलवारा पांडेय टोला के नीरज कुमार पांडेय ने 21 फरवरी को अहियापुर थाना में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसमें कहा था कि सुबह लगभग 8.30 बजे वह मजदूर के साथ गोदाम पर पहुंचा। गोदाम का तीन में से दो ताला नहीं था। उसके बदले दूसरा ताला लगा हुआ था। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि सुबह पांच से 7.15 के बीच चोरी हुई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



