Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsPolice Raid Seizes Rs 2 Crore Fake Cigarettes in Muzaffarpur Warehouse
शुक्ला रोड में छापा, दो करोड़ की विदेशी सिगरेट जब्त

शुक्ला रोड में छापा, दो करोड़ की विदेशी सिगरेट जब्त

संक्षेप:

मुजफ्फरपुर में नगर थाना क्षेत्र के शीतला गली में एक गोदाम में पुलिस ने छापेमारी कर दो करोड़ रुपये की विदेशी और नकली सिगरेट जब्त की। आईटीसी कंपनी के अधिकारियों की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में गोदाम का संचालक भाग गया। तस्करी के संदेह के तहत जांच जारी है।

Jan 17, 2026 12:52 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share Share
Follow Us on

मुजफ्फरपुर हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। नगर थाना क्षेत्र के शुक्ला रोड स्थित शीतला गली में एक गोदाम में पुलिस टीम ने शुक्रवार शाम छापेमारी की। गोदाम से दो करोड़ की विदेशी व नकली सिगरेट जब्त की गई। मुंबई से आए आईटीसी कंपनी के अधिकारी की सूचना पर नगर थाने की पुलिस ने यह कार्रवाई की। छापेमारी की भनक लगते ही गोदाम संचालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। विदेशी सिगरेट को इंडोनेशिया, कोरिया, म्यांमार से तस्करी करके लाने की आशंका है। गोदाम से कई इंडियन ब्रांड की सिगरेट की नकली पैकिंग भी मिली है। इसकी सूचना पर एएसपी टाउन-1 सुरेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की।

उन्होंने बताया कि मुंबई की कंपनी के अधिकारी की सूचना पर नगर थाने की पुलिस शुक्ला रोड स्थित शीतला गली स्थित गोदाम में छापेमारी को पहुंची। पुलिस टीम के साथ कंपनी के अधिकारी भी थे। गोदाम में ताला लगा था। पुलिस ने वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद मजिस्ट्रेट के रूप में मुशहरी सीओ को मौके पर भेजा गया। उनकी मौजूदगी में गोदाम का ताला तोड़कर टीम अंदर दाखिल हुई। दो मंजिला गोदाम के ग्राउंड पर विदेशी सिगरेट के 40 से 50 बड़े कार्टन रखे मिले। इनको इंडोनेशिया, कोरिया, म्यांमार से तस्करी कर लाए जाने की आशंका है। वहीं फर्स्ट फ्लोर पर जांच के दौरान काफी महंगी व इंडिया में प्रतिबंधित ब्रांड के तंबाकू व सिगरेट मिले। इसमें हुक्का व सिगार में इस्तेमाल होने वाला अलग-अलग फ्लेवर के तंबाकू भी थे। कई ब्रांड इंडोनेशिया निर्मित हैं। कुछ पर मेड इन इंडिया भी लिखा हुआ है। जब्त कार्टन पर लिखा मिला संचालक का नाम : सिगरेट को तस्करी करके कुरियर से मंगाया जाता था। पुलिस जब गोदाम के अंदर पहुंची तो कार्टन पर संचालक का नाम इंद्रमोहन और पता रामबाग रोड नियर कालाजर हॉस्पिटल के समीप अंकित मिला। उसपर उसका मोबाइल नंबर भी लिखा था। पुलिस ने जब मकान मालिक के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि अभिषेक कुमार का मकान है। उन्होंने करीब एक साल पहले इंद्रमोहन को मकान किराए पर दिया था। मकान मालिक ने पुलिस को रेंट एग्रीमेंट भी उपलब्ध कराया है। डीआरआई व कस्टम को दी गई कार्रवाई की सूचना : सिगरेट की बरामदगी के बाद मुशहरी सीओ इसकी जब्ती बनाने की कार्रवाई में जुट गए हैं। उनकी सूचना पर ड्रग इंस्पेक्टर भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामला एक्साइज डिपार्टमेंट का बताया। फिर सीओ ने एक्साइज डिपार्टमेंट को सूचना दी तो बताया गया कि इसे सेंट्रल एक्साइज इसे जब्त करेगी। फिर डीआरआई मुजफ्फरपुर व कस्टम को सिगरेट बरामदगी की सूचना दी गई। ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बेचने की मिल रही थी शिकायत आईटीसी के अधिकारी शिवा ने पुलिस को बताया कि कई ब्रांड के सिगरेट पर आईटीसी का लोगो लगाकर उसपर एनटीसी लिखकर तस्करी किया जा रहा था। कई ब्रांड मिला है। इससे सरकार के राजस्व को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा था। साथ ही कई कंपनियों के ब्रांड का नाम इस्तेमाल कर नकली सिगरेट मार्केट में बेची जा रही थी। इसकी लगातार शिकायत कंपनी को मिल रही थी। बयान :: मुंबई से आए कंपनी के अधिकारी की सूचना पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में छापेमारी की गई है। गोदाम से नकदी व तस्करी कर लाई गई दो करोड़ की विदेशी सिगरेट जब्त की गई है। इसकी जब्ती सूची तैयार की जा रही है। -सुरेश कुमार, एएसपी टाउन वन