Muzaffarpur News: पुलिस पर हमला मामले में शराब धंधेबाज सहित नौ नामजद
Muzaffarpur News: औराई के सरहंचिया गांव में शराब धंधेबाज ने पुलिस पर हमला किया। पुलिस के एएसआई सुदर्शन सिंह की शिकायत पर 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। चौकीदार मो. जैनुल का इलाज पटना के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Muzaffarpur News: औराई, एसं। थाना क्षेत्र के सरहंचिया गांव में शुक्रवार को शराब धंधेबाज के द्वारा पुलिस पर किए गए हमले के मामले में शनिवार को औराई थाने में एफआईआर दर्ज की गई। थाने के सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) सुदर्शन सिंह के बयान पर मामले में शराब धंधेबाज सहित नौ लोगों को नामजद किया गया। मामले में चार अज्ञात को भी आरोपित किया गया है।औराई थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस कर्मियों पर हमला मामले में केस दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बताया कि जख्मी चौकीदार मो. जैनुल का पटना के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शनिवार को उसके पैट की टूटी हड्डी का सफल ऑपरेशन हुआ। बताया कि मामले में कुख्यात शराब धंधेबाज सुभाष बैठा, गौरव कुमार, हिमांशु बैठा, पीयूष कुमार बैठा, बाबुल कुमार, हिमांशु कुमार पिता मिंटू सिंह व सुभाष बैठा की मां, पत्नी पुनम देवी व भाई समेत 9 लोगों का नामजद किया गया है। एफआईआर में बताया गया है कि पूर्व के लंबित कांड की जांच के क्रम में सुदर्शन सिंह एवं मो. जैनुल सरहंचिया गए थे। इसी दौरान दोनों को सूचना मिली कि धंधेबाज सुभाष बाइक से शराब की डिलीवरी देने जा रहा है। दोनों ने पीछा कर धंधेबाज घेर लिया। यह देख वहां लोगों की भीड़ जुट गई। इस बीच धंधेबाज वहां से भाग और पास के गैराज से लोही की रॉड उठाकर चौकीदार मो. जैनुल के पैर पर वार कर दिया। पैर पर रॉड लगने से हड्डी टूट गई। बताया कि आरोपितों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी चल रही है।

