
जंक्शन पर 20 लाख के आभूषण लूट में बदमाश को दबोचा
गोरौल में 11 जुलाई को ज्वेलरी की दुकान से 20 लाख के आभूषण लूटने के मामले में पुलिस ने राणा नामक एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। राणा की लोकेशन पुणे में मिली, जहां पुलिस ने उसे ट्रेन से हाजीपुर में पकड़ लिया। राणा ने लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि उसे 40 हजार रुपये मिले।
गोरौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। न्यू मार्केट स्थित ज्वेलर्स की दुकान से 11 जुलाई को 20 लाख के आभूषण लूट में पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि धरा गया बदमाश वैशाली थाने के जतकौली निवासी राणा राज उर्फ राणा है। शातिर की गिरफ्तारी के लिए अपर थानेदार प्रशांत कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया था। छानबीन के दौरान राणा की लोकेशन पुणे में मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम पुणे गई। वहां टीम पहुंची तो राणा ने हाजीपुर वाली ट्रेन पकड़ ली। उसी ट्रेन में पुलिस भी बैठ गई।

रविवार को हाजीपुर जंक्शन पर उतरते ही उसे दबोच लिया गया। एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में राणा ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। राणा ने बताया कि उसे 40 हजार रुपया मिला है। एसडीपीओ ने बताया कि इससे पहले लूटकांड में शामिल वैशाली थाने के भगवतपुर निवासी कुंदन कुमार एवं रंजन कुमार, सदर थाना क्षेत्र के पानापुर गोरारी निवासी विशाल कुमार, दिघ्घी कला निवासी संजय पासवान को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गौरतलब है कि जुलाई महीने में बदमाशों ने गोरौल थाने से महज दो सौ मीटर दूरी पर स्थित ज्वेलरी की दुकान में लूटपाट कर आराम से चलते बने थे। मामले की जांच चल ही रही थी कि नकाबपोश बदमाशों ने गोरौल चौक के न्यू मार्केट स्थित भटौलीया निवासी व्यवसायी अरुण कुमार साह की दुकान से लगभग 20 लाख के गहने लूट लिए। दो बाइक से छह बदमाश पहुंचे थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


