ट्रक पर लोड पशुओं की बरामदगी में तीन पर केस
मड़वन में करजा थाना क्षेत्र के पकड़ी चौक पर ट्रक से लोड पशुओं की बरामदगी के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। सभी पशुओं को गोशाला भेजा गया। व्यापारियों के साथ मारपीट और छिनतई के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मड़वन, एक संवाददाता। करजा थाना क्षेत्र स्थित पकड़ी चौक पर शुक्रवार की रात ट्रक पर लोड पशुओं की बरामदगी मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी पशुओं को गोशाला भेज दिया। मामले में एएसआई हीरालाल सिंह के बयान पर पुलिस ने सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र निवासी आलोक कुमार सिंह, सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र के उपेंद्र यादव एवं गणेश यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जमानती धाराओं के कारण तीनों को थाने से ही जमानत मिल गई। इधर, पशु व्यापारियों के साथ मारपीट और छिनतई मामले में व्यापारी आलोक कुमार सिंह के बयान पर अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया निवासी धीरज कुमार, रंजन कुमार तथा वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के अमन कुमार और अमित कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। व्यापारी आलोक सिंह ने पुलिस को बताया कि रौजा मेले से पशुओं की खरीदारी कर सुपौल जा रहे थे। इसी दौरान पकड़ी पकोही ओवरब्रिज के पास आरोपितों ने कांटी बिछाकर ट्रक रोक लिया और मारपीट कर दो व्यापारियों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। नकद व सोने की चेन भी छीन ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य फरार हो गए। थानेदार रामकृष्ण परमहंस ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


