
पताही में मारपीट व फायरिंग का एक आरोपित गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर में राकेश कुमार चौधरी के साथ मारपीट और गोलीबारी के मामले में मुख्य आरोपित विजय ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना के दौरान राकेश पर आरोपितों ने गालियाँ देते हुए हमला किया और गोलीबारी की। राकेश ने पुलिस को बताया कि पहले भी उसके दो चचेरे भाइयों की हत्या हो चुकी है।
मुजफ्फरपुर, प्रसं। सदर थाना के पताही गांव में राकेश कुमार चौधरी के साथ मारपीट और घर पर चढ़कर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित विजय ठाकुर को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने रविवार को उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की। सदर थानेदार अस्मित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे दबोचा। घटना के बाद मौके पर पहुंची एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा ने प्रारंभिक जांच के बाद मामले में आरोपित की गिरफ्तारी का निर्देश दिया था। घटना शनिवार रात करीब नौ बजे हुई थी। इस संबंध में पीड़ित ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
इसमें विजय ठाकुर और राजा ठाकुर को आरोपित किया था। राकेश ने पुलिस को बताया था कि गांव में वह एक श्राद्ध का भोज खाने गए थे। इसी बीच आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए एक जमीन के केस में गवाही देने की बात को मुद्दा बनाकर कहा कि गवाही देकर बड़ी गलती की है। शपथपत्र बनाकर दो नहीं तो तुमको और तुम्हारे पुत्र की गोली मारकर हत्या कर देंगे। विरोध करने पर दोनों आरोपित ने घेरकर उससे मारपीट की। ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद वह बचकर घर आए। इसके बाद आरोपित पीछा करते हुए घर तक आ गए। दोनों गाली गलौज करते हुए गोलियां चलानी शुरू कर दी। गोली लगने से खिड़की का शीशा टूट गए। गोली चलने पर परिवार के सदस्य दहशत में आ गए और बेड के नीचे छिपकर सभी ने अपनी जान बचाई। राकेश ने पुलिस को बताया कि इसी साल उसके दो चचेरे भाई टुनटुन चौधरी और रामनवमी चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




