Muzaffarpur News: सेटेलाइट टाउनशिप में रोक के बावजूद धड़ल्ले से निर्माण, बिजली कनेक्शन के आवेदनों की बाढ़
Muzaffarpur News: पताही एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने की उम्मीद के बीच मुजफ्फरपुर के सेटेलाइट टाउनशिप क्षेत्र में मकान, दुकान, मार्केट कॉम्प्लेक्स और गोदामों का निर्माण तेज हुआ है। प्रतिबंध के बावजूद हर महीने 25 से 30 नए बिजली कनेक्शन के आवेदन आ रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, कनेक्शन नियमानुसार जांच के बाद दिए जाते हैं। नगर आयुक्त ने उल्लंघन की जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। पताही एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने की सुगबुगाहट के साथ ही टाउनशिप के प्रतिबंधित क्षेत्र में निर्माण ने रफ्तार पकड़ ली है। टाउनशिप की जमीन की खरीद बिक्री और किसी तरह के निर्माण पर पाबंदी को धत्ता बताते हुए न सिर्फ तेजी से मकान और दुकान बन रहे हैं, बल्कि उसी रफ्तार से बिजली के नए कनेक्शन के आवेदन भी आ रहे हैं।
उड़ान की उम्मीद के बीच बढ़ा निर्माण
पताही से विमानों की उड़ान शुरू होने में अभी वक्त है, लेकिन इससे जुड़ी विकास की उम्मीदों के बीच आसपास के इलाके में बसावट की गतिविधियां तेज हो गई हैं। भगवानपुर के यादवनगर से मड़वन तक हाईवे के दोनों किनारों पर कहीं मकान तो कहीं दुकान, मार्केट कॉम्प्लेक्स, गोदाम और व्यावसायिक प्रतिष्ठान आकार ले रहे हैं। इसके साथ ही नए मकान, दुकान में बिजली कनेक्शन के लिए हर महीने 25 से 30 आवेदन आने लगे हैं। हवाई अड्डे के चालू होने से रोजगार, कारोबार और आवागमन की सुविधाएं बढ़ने की उम्मीद ने इलाके में नई संभावनाएं जगाई हैं। ‘हिंदुस्तान’ ने मंगलवार को सेटेलाइट टाउनशिप क्षेत्र में पहुंचकर इसकी पड़ताल की तो सड़क किनारे कई जगह निर्माण कार्य चलते मिले।
एयरपोर्ट रोड के दोनों ओर निर्माण
एयरपोर्ट रोड में दोनों तरफ धड़ल्ले से निर्माण
भगवानपुर के यादवनगर से मड़वन तक एयरपोर्ट जाने वाली सड़क (एनएच 722) के दोनों ओर आवासीय और व्यावसायिक निर्माण की गतिविधियां नजर आ रही हैं। एयरपोर्ट के समीप बिहारी मार्केट चौक के पास व्यावसायिक निर्माण चल रहा है। पकड़ी चौक पर मार्केट कॉम्प्लेक्स बन रहा है। चमरुआ चौक से पहले सड़क किनारे दुकान बन रही है, जबकि उसके ठीक बगल में लोहे के स्ट्रक्चर वाला गोदाम बनकर तैयार है। कोदरिया में भी मकान-दुकान बन रहे हैं। चमरुआ इंडा के समीप भी निर्माण गतिविधियां दिखाई देती हैं। पताही ओवरब्रिज के बगल में पकड़ी गांव में मकान निर्माणाधीन है।
नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन
हर माह 25-30 नए बिजली कनेक्शन के आवेदन
मुजफ्फरपुर पश्चिमी विद्युत प्रमंडल के भगवानपुर प्रशाखा क्षेत्र में हर महीने 25 से 30 बिजली कनेक्शन के आवेदन आने की बात कनीय अभियंता सतीश कुमार ने कही। उनके अनुसार, इस क्षेत्र में करीब 13,500 बिजली कनेक्शन हैं। हालांकि, नए आवेदनों में कितने घरेलू और कितने व्यावसायिक हैं, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया। उधर, मुजफ्फरपुर पश्चिमी विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता मो. साजिद हुसैन ने बताया कि आवेदन मिलने पर जांच-पड़ताल के बाद नियमानुसार बिजली कनेक्शन दिया जाता है। सेटेलाइट टाउनशिप क्षेत्र में लागू प्रतिबंधों के मद्देनजर बिजली कनेक्शन देने के संबंध में फिलहाल अलग गाइडलाइन नहीं है। ऐसे में टाउनशिप एरिया में बिजली कनेक्शन जारी करने से पहले संबंधित भूखंड की स्थिति की जांच की कोई व्यवस्था नहीं है।
टाउनशिप में निर्माण पर रोक को लेकर प्रशासन का बयान
बयान::
टाउनशिप एरिया में जमीन खरीद-बिक्री के साथ नए निर्माण पर रोक का सरकार का आदेश है। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। मामला संज्ञान में आया है तो कमेटी गठित कर इसकी जांच होगी। जहां कहीं इसकी अनदेखी हो रही है, समुचित कार्रवाई की जाएगी।
- ऋतुराज प्रताप सिंह, नगर आयुक्त, मुजफ्फरपुर।

