ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार मुजफ्फरपुरशौक बना जुनून, 17 साल की उम्र में पहुंचे रियलिटी शो में

शौक बना जुनून, 17 साल की उम्र में पहुंचे रियलिटी शो में

फोटाग्राफी शौक था। कई वर्कशॉप में जाने के बाद धीरे-धीरे यह जुनून में कब बदला, पता ही नहीं चला। 10वीं की पढ़ाई के दौरान ही सेकेंड हैंड कैमरा खरीदा और अपने शौक-जुनून के साथ संघर्ष की राह पर चल पड़ा। दो...

शौक बना जुनून, 17 साल की उम्र में पहुंचे रियलिटी शो में
हिन्दुस्तान टीम,मुजफ्फरपुरMon, 14 Oct 2019 05:01 PM
ऐप पर पढ़ें

फोटाग्राफी शौक था। कई वर्कशॉप में जाने के बाद धीरे-धीरे यह जुनून में कब बदला, पता ही नहीं चला। 10वीं की पढ़ाई के दौरान ही सेकेंड हैंड कैमरा खरीदा और अपने शौक-जुनून के साथ संघर्ष की राह पर चल पड़ा। दो साल में कई सिंगर, एक्टर के फोटोशूट किए। अब मंजिल की पहली सीढ़ी मिली है इस रिएलिटी शो के जरिए। यह कहना है शहर के सिकंदरपुर के शुभम सोनू का। उन्होंने अपनी प्रतिभा के बल पर पहचान बनाई है। 17 साल की उम्र में बड़े सपने और हौसलों के साथ वे प्रतिभा की मिसाल बन गए हैं।

बिना किसी बड़े इंस्टीच्यूट में ट्रेनिंग के सिर्फ अपने शौक और हौसलों के जरिए शुभम ने दिखा दिया कि सपनों को लेकर अगर जुनून हैं तो मुश्किल कुछ भी नहीं। अपनी प्रतिभा से शुभम ने संघर्षों को मात दी है। कई बॉलीवुड एक्टर, सिंगर की फोटो शूट करने वाले शुभम को डांस का तड़का रियलिटी शो की फोटो शूट की पूरी कमान मिली है। इस उपलब्धि से इन्होंने बॉलीवुड में दस्तक दे दी है। शुभम ने 2018 में इंटर पास किया है। पिता सत्यानंद प्रसाद और मां कंचन देवी का कहना है कि बेटे ने अपनी मेहनत से सफलता पाई है।

मुंबई में बनानी है मुजफ्फरपुर की अलग पहचान

डांस का तड़का डांस पर आधारित एक रियलिटी शो है जो अभी एक चैनल पर दिखाया जा रहा है। इस शो में शुभम सबसे कम उम्र के टीम लीडर हैं जिन्हें फोटोशूट की जवाबदेही मिली है। शुभम बताते हैं कि अब तक छोटे पर्दे के साथ ही कई बड़े एक्टर की भी फोटो शूट की है। इसमें शहर के कई कलाकारों का सहयोग मिला। मेरी मंजिल मुंबई है। फिलहाल, वे हिमाचल में डांस का तड़का की शूटिंग में व्यस्त हैं। शुभम कहते हैं कि मेरी चाहत अपने शहर का नाम मुंबई में रोशन करना है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें