Muzaffarpur News: स्ट्रीट लाइट खराब रहने से पंचायतों में पसरा रहता अंधेरा
Muzaffarpur News: मड़वन में हुई पंचायत समिति बैठक में सदस्यों ने कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर विरोध जताया। पानी की समस्या और स्ट्रीट लाइट के रखरखाव में विफलता के लिए आरोप लगाए गए। सदस्यों ने संबंधित एजेंसियों पर कार्रवाई की मांग की और विभिन्न योजनाओं पर दो दर्जन प्रस्ताव पारित किए।

Muzaffarpur News: मड़वन, एक संवाददाता। प्रखंड कार्यालय सभागार में शुक्रवार को प्रमुख रेणु देवी की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक हुई। इसमें सदस्यों ने कई विभागों के पदाधिकारियों की अनुपस्थिति पर विरोध जताया। महम्मदपुर सूबे के पंचायत समिति सदस्य विनोद रंजन ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन समेत कई मामलों में बिना नजराना दिए आवेदनों का निबटारा नहीं करने का आरोप लगाया। वर्षों से जलमीनार बंद पड़ी है। लोगों को पेयजल नहीं मिल रहा है।कई सदस्यों ने आरोप लगाया कि स्ट्रीट लाइट लगाने वाली एजेंसी भुगतान लेने के बाद रखरखाव की जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह विफल रही है, जिससे कई पंचायतों में अंधेरा पसरा है।
सदस्यों ने संबंधित विभागों और एजेंसियों पर जवाबदेही तय कर तत्काल कार्रवाई तथा सभी बंद योजनाओं को शीघ्र चालू कराने की मांग की। बैठक में विभिन्न योजनाओं से जुड़े दो दर्जन से अधिक प्रस्ताव पारित किए गए तथा पूर्व बैठक के प्रस्तावों की पुष्टि करते हुए विभागवार समीक्षा भी की गई। इस मौके पर उपप्रमुख राजकिशोर पासवान, बीडीओ विनय कुमार, सीओ पुष्कल कुमार, ब्रजनंदन साह, सरस्वती देवी, संगीता कुमारी, संतोष रजक, मुखिया शिवपूजन सहनी, विकास कुमार सिंह, जनप्रतिनिधि आदि थे।


