
ओपेन बोर्ड के मैट्रिक-इंटर की प्रैक्टिकल परीक्षा आज से
मुजफ्फरपुर में शुक्रवार से ओपेन बोर्ड की मैट्रिक और इंटर की प्रैक्टिकल परीक्षा शुरू हो रही है। यह परीक्षा दो सत्रों में एक साथ होगी। पहली बार प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए स्टडी सेंटर से अलग केन्द्र बनाए गए हैं। मैट्रिक के लिए छह और इंटर के लिए चार केन्द्र निर्धारित किए गए हैं।
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। जिले में 10 केन्द्रों पर शुक्रवार से ओपेन बोर्ड के मैट्रिक-इंटर की प्रैक्टिकल परीक्षा होगी। दो सत्र की परीक्षा इसबार एक साथ ली जा रही है। पहलीबार स्टडी सेंटर से अलग स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षा का केन्द्र बनाया गया है। अबतक स्टडी सेंटर पर ही प्रैक्टिकल परीक्षा ली जाती थी। किस केन्द्र पर कौन से स्टडी सेंटर के परीक्षार्थी शामिल होंगे, इसे टैग करके बिहार बोर्ड की ओर से ही भेजा गया है। इसबार भी परीक्षा बिहार बोर्ड द्वारा ही करवाई जा रही है। स्टडी सेंटर से अलग प्रैक्टिकल परीक्षा का केन्द्र कदाचारमुक्त परीक्षा को लेकर बनाया गया है।

इस नई व्यवस्था के तहत सभी स्टडी सेंटर के कॉर्डिनेटर को निर्देश जारी किया गया है कि संबंधित शिड्यूल के अनुसार परीक्षार्थी केन्द्र पर शामिल होंगे। मैट्रिक के प्रैक्टिकल के लिए छह और इंटर के लिए चार केन्द्र बनाये गये हैं। इंटर के चारों केन्द्र शहर में हैं, मैट्रिक के दो केन्द्र ग्रामीण क्षेत्र में हैं। मैट्रिक के लिए इन केन्द्रों पर होगी परीक्षा : मैट्रिक के लिए जिले में बीबी कॉलेजिएट, मुखर्जी सेमिनरी, डीएन हाईस्कूल, राजकीयकृत पीएन हाईस्कूल, एमआरएस हाईस्कूल और राजकीयकृत हाईस्कूल कुटांही को केन्द्र बनाया गया है। इंटर के लिए यहां बनाये गये हैं केन्द्र : इंटर के लिए जिले में डीएन हाईस्कूल, राजकीयकृत हाईस्कूल कुटांही, मनियारी हाईस्कूल और तुर्की हाईस्कूल। इस तरह होनी है इंटर की प्रैक्टिकल परीक्षा : 5 दिसम्बर को पहली पाली में भौतिक विज्ञान, चित्रकला और दूसरी पाली में रसायन विज्ञान और भूगोल, 6 दिसम्बर को पहली पाली में जीव विज्ञान-मनोविज्ञान, दूसरी पाली में योग शारीरिक शिक्षा-गृह विज्ञान, 8 दिसम्बर को पहली पाली में कम्प्यूटर विज्ञान और दूसरी पाली में संगीत की प्रैक्टिकल परीक्षा होगी। पहली पाली 9 से 12 बजे और दूसरी पाली 1 से 4 बजे तक चलेगी। परीक्षा के लिए सभी केन्द्रों को संबंधित सामग्री उपलबध करा दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




