
मूल्यांकन-वीक्षण में लगे शिक्षक लेंगे ऑनलाइन कक्षा
बीआरएबीयू में मूल्यांकन-वीक्षण के दौरान शिक्षकों की कमी के कारण छात्रों की ऑनलाइन कक्षाएँ चलेंगी। विवि प्रशासन ने स्नातक सत्र 2023-27 के चौथे सेमेस्टर की कॉपियों की जांच शुरू कर दी है। शिक्षकों को कक्षाओं के लिए लिंक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। बीआरएबीयू में मूल्यांकन-वीक्षण में लगे शिक्षक छात्रों की ऑनलाइन कक्षा लेंगे। विवि प्रशासन ने इसका निर्देश दिया है। स्नातक सत्र 2023-27 के चौथे सेमेस्टर की कॉपियों की जांच शनिवार से शुरू हो गई है। कई कॉलेजों में विभिन्न विषयों में शिक्षकों की कमी है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की कक्षा बाधित नहीं हो, इसे लेकर यह पहल की गई है। शिक्षक छात्र-छात्राओं को लिंक उपलब्ध कराएंगे। कॉलेज प्राचार्य विवि प्रशासन को इसकी रिपोर्ट करेंगे। डीएसडब्ल्यू डॉ. आलोक प्रताप ने कहा कि मूल्यांकन कार्य में बड़ी संख्या में शिक्षक लगाए गए हैं। जनवरी में परीक्षा भी होनी है। छात्रों की उपस्थिति और सत्र पूरा करने को लेकर यह पहल की गई है।
कुलपति का निर्देश है कि शिक्षण की गुणवत्ता को सुधारा जाए। मूल्यांकन और वीक्षण में लगे शिक्षक कक्षा भी करते रहेंगे। डीएसडब्ल्यू ने कहा कि केन्द्रीकृत मूल्यांकन की व्यवस्था चल रही है। ऐसे में कक्षा पूरी तरह स्थगित हो जाती है। पहले सेमेस्टर की परीक्षा 12 जनवरी से संभावित डीएसडब्ल्यू ने कहा कि शिक्षकों को मूल्यांकन के बाद एक समय निर्धारित करना है। उससे संबंधित शिड्यूल छात्रों को भेजेंगे। रिपोर्ट संबंधित कॉलेज के प्राचार्य विवि प्रशासन को करेंगे। शिक्षक इन्टरेक्टिव होकर पढ़ाएं, साथ ही पीडीएफ भी भेजें। समीक्षा में लगातार सामने आ रहा कि छात्रों को मालूम ही नहीं कि सिलेबस क्या है और क्या पढ़ना है। मूल्यांकन जनवरी के अंत तक चलना है। ऐसे में इतने लंबे समय तक कक्षा बाधित नहीं रखी जा सकती है। कई कॉलेजों में पॉलिटिकल साइंस समेत कई अन्य विषयों में यूजी-पीजी मिलाकर एक से दो शिक्षक ही हैं। ऐसे में मूल्यांकन में लगाने के बाद संबंधित विषय में पढ़ाने को शिक्षक ही नहीं बचे हैं। सत्र 2025-29 के पहले सेमेस्टर की परीक्षा 12 जनवरी से संभावित है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




