Muzaffarpur News: सदर अस्पताल परिसर में बनेगी फूड सेफ्टी और माइक्रोबायोलॉजी लैब
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में पुराने जनरल वार्ड में खाद्य सुरक्षा लैब बनाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के ज्वाइंट सेक्रेटरी ने स्थल का निरीक्षण किया। इस लैब से खाद्य पदार्थों के सैंपल की जांच 24 से 48 घंटे में हो सकेगी, जिससे मिलावट पर तुरंत कार्रवाई संभव होगी।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। सदर अस्पताल परिसर स्थित पुराने जनरल वार्ड में खाद्य सुरक्षा लैब बनाई जाएगी। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के ज्वाइंट सेक्रेटरी सह नोडल पदाधिकारी सुरेंद्र राय ने इसके लिए स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ आए अमीन ने प्रस्तावित 4400 स्क्वायर फीट जमीन की मापी की। निरीक्षण के बाद टीम डीएम कुमार गौरव और स्वास्थ्य विभाग के आरडीडी से मिली। अधिकारियों के अनुसार यहां फूड लैब के साथ ही माइक्रोबायोलॉजी लैब भी बनेगी।
खाद्य सुरक्षा की प्रक्रिया
बताया गया है कि अभी जिले से लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल को जांच के लिए पटना भेजा जाता हैं। वहां से इसकी रिपोर्ट आने में 15 से 30 दिन लग जाते हैं। लैब बनने के बाद यहीं 24 से 48 घंटे में रिपोर्ट मिल सकेगी। मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर समेत पूरे तिरहुत प्रमंडल के बाजारों से उठाए गए दूध, तेल, मसाला, मिठाई और पानी के सैंपल की त्वरित जांच हो सकेगी। त्योहारों के समय होने वाली मिलावट पर तुरंत कार्रवाई संभव होगी। होटल, रेस्टोरेंट, स्ट्रीट फूड और सरकारी मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच हो सकेगी।
चालक और स्टाफ की कमी
वहीं, खाद्य संरक्षा विभाग ने नोडल अधिकारी सुरेंद्र राय को बताया कि चलंत जांच वाहन के लिए चालक और स्टाफ की कमी है। नोडल अधिकारी ने कहा कि वाहन के बीएमआईसीएल के हैंडओवर होने के बाद चालकों की बहाली कर दी जाएगी।


