युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत, जहर देकर हत्या की आशंका
केशोपुर गांव में 32 वर्षीय युवक अंशु कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पत्नी पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। युवक का शव जलाया गया था, लेकिन वह झुलसा नहीं था। पुलिस ने पत्नी स्वीटी भारती को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है।

सकरा, हिन्दुस्तान संवाददाता। थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव के वार्ड पांच में सोमवार को संदिग्ध स्थिति में युवक की मौत हो गई। मृतक अंशु कुमार (32) था। बताया जाता है कि जहर खिलाने के बाद युवक के कमरे में आग लगा दी गई। बिस्तर और अन्य सामान जला हुआ था। हालांकि, युवक का शरीर झुलसा हुआ नहीं था। अंशु के भाई उदय कुमार सिंह, भाभी रेखा व ग्रामीणों ने पत्नी पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। पुलिस ने मौके से अंशु की पत्नी स्वीटी भारती को हिरासत में लिया है।
युवक के भाई और भाभी से भी पूछताछ की गई है।परिजनों ने पुलिस को बताया कि कमरे से धुआं उठता देखकर शोर मचाया। ग्रामीणों के जुटने के बाद युवक को कमरे से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में सुजावलपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। इसके बाद मुजफ्फरपुर शहर स्थित एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर शाम युवक की मौत हो गई। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से नमूने लिए हैं।परिजनों ने पुलिस को बताया कि घर बनाने के लिए अंशु होम लोन लिया था, जिसकी मासिक किस्त जमा नहीं होने से बैंक ने उसके घर पर नोटिस चिपकाया था। इसको लेकर घर में विवाद होता रहता था। करीब दो साल पहले अंशु की सड़क हादसे में दाहिना पैर टूट गया था। वह चलने में असमर्थ था। इधर, अपर थानेदार रविकांत कुमार ने बताया कि जहर खाने से युवक की मौत हुई है। उसे जलाने की कोशिश की गई। कमरे में बिस्तर और अन्य सामान जला हुआ था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। छानबीन की जा रही है।पत्नी, बच्चे संग ससुराल में रहता था अंशु : अंशु अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कई महीने से पातेपुर के इमादपुर गांव स्थित ससुराल में रहते थे। भाई के बुलावे पर रविवार को पत्नी, बच्चे संग केशोपुर आया था। बैंक द्वारा नोटिस चिपकाने के बाद भाई ने अंशु को बुलाकर समझौता करने को कहा था। युवक की शादी 2021 में हुई थी। उसे दो छोटे-छोटे बेटे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


