
दो गुटों में भिड़ंत में चाकू से गोदकर युवक की हत्या
मुजफ्फरपुर के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में सोमवार रात दो गुटों के बीच मारपीट हुई। इस झगड़े में फल कारोबारी के 18 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार की चाकू से हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी रोहित कुमार को...
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। सिवाईपट्टी थाना के बनघरा वार्ड नंबर पांच मोहल्ले में सोमवार की रात दो गुटों में मारपीट हुई। इसमें चाकू लगने से फल कारोबारी रंजीत साह के 18 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार की मौत हो गई। मारपीट में हत्या की सूचना पर सिवाईपट्टी थानेदार मनमोहन सिंह दलबल के साथ गांव में पहुंचे। उन्होंने दूसरे गुट के हत्या के आरोपित रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। खून सना चाकू भी बरामद कर लिया है। घटना के बाद गांव में तनाव है। इसके मद्देनजर गांव में पुलिस गश्त लगा रही है। हत्यारोपित पक्ष के लोग घर छोड़कर छिप गए हैं। सिवाईपट्टी थानेदार ने बताया कि सूचना मिली कि नशे को लेकर दो युवकों में पहले मारपीट हुई थी।

इसके बाद दोनों युवकों के गुट में आपसी वर्चस्व को लेकर भिड़ंत हो गई। इसमें चाकू लगने से अंकित कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे परिवार वाले एसकेएमसीएच ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। पुलिस रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए एसकेएमसीएच प्रबंधन से संपर्क किया। थानेदार के आग्रह और डीएम के निर्देश पर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की गई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


