जंक्शन परिसर में आत्मदाह करने पहुंचा युवक हिरासत में
मुजफ्फरपुर में एक युवक ने धार्मिक भवन की स्थापना न होने पर आत्मदाह की धमकी दी। युवक ने 10 बजे आत्मदाह करने की सूचना दी थी। पुलिस ने उसे स्टेशन रोड पर हिरासत में लिया, जहां उसके पास माचिस और किरासन तेल था। युवक ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर 10 फरवरी तक धार्मिक भवन की स्थापना की मांग की थी।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जंक्शन परिसर में युवक के आत्मदाह करने की सूचना को लेकर मंगलवार को दिनभर हाई वोल्टेज ड्राम चला। सुबह 10 बजे से भारी संख्या में सुरक्षा बल के साथ पुलिस अधिकारी उसका इंतजार करते रहे। शाम करीब सवा चार बजे जैसे ही वह स्टेशन रोड में पहुंचा, नगर पुलिस ने उसको हिरासत में ले लिया। उसके पास से एक माचिस का डिब्बा मिला। वह अपने शरीर पर किरासन तेल छिड़क पहुंचा था। दरअसल, सिकंदरपुर के युवक ने जंक्शन परिसर में धार्मिक भवन पुन: स्थापित नहीं किए जाने से नाराज होकर आत्मदाह की धमकी दी थी। एसपी सुरेश कुमार ने युवक को हिरासत में लेने की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि युवक से नगर थाने पर पूछताछ की जा रही है। बताया गया कि युवक ने बीते रविवार को प्रधानमंत्री को पत्र भेजा था। कहा था कि नौ फरवरी तक जंक्शन परिसर स्थित धार्मिक भवन की स्थापना नहीं की गई तो वह 10 फरवरी को उसी जगह पर आकर आत्मदाह कर लेगा। छाबनी में पूरे दिन तब्दील रहा स्टेशन व स्टेशन रोड : युवक के आत्मदाह की धमकी को लेकर जंक्शन परिसर और स्टेशन रोड सुबह से पुलिस छाबनी में तब्दील था। मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ नगर एसडीपीओ वन सुरेश कुमार, रेल डीएसपी समस्तीपुर, आरपीएफ सहायक सुरक्षा आयुक्त राजेश कुमार सिन्हा, रेल डीएसपी मुख्यालय मुजफ्फरपुर वन निधि कुमारी, आरपीएफ इंस्पेक्टर पंकज कुमार व मनीष कुमार, जीआरपी प्रभारी रंजीत कुमार व अतिरिक्त सुरक्षा बल मौजूद थी। जंक्शन से सभी गेट पर जवानों को तैनाती के साथ एंबुलेंस और दमकल की दो गाड़ियां बुला ली गई थी। सुबह 10 बजे आने की दी थी सूचना : युवक ने सुबह 10 बजे आत्मदाह करने की सूचना दी थी। इस बीच धार्मिक संगठन के कई लोग भी पहुंच गए। हालांकि, पुलिस की तैनाती देख वे लोग जंक्शन परिसर में प्रवेश नहीं किए। दोपहर बाद तीन बजे तक युवक नहीं आया तो संगठन के लोग भी चले गए। इसी बीच अचानक सवा चार बजे आत्मदाह करने वाला युवक साथियों के साथ स्टेशन रोड में जंक्शन के सामने पहुंचा। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस पदाधिकारी पहुंचे और पूछताछ के बाद उसे हिरासत में ले लिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


