तीन महीने बाद ही परिवार नियोजन से मुंह मोड़ रहीं महिलाएं

Feb 12, 2026 05:27 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share

मुजफ्फरपुर में महिलाएं तीन महीने बाद गर्भ निरोधक सूई अंतरा से मुंह मोड़ रही हैं। 50 हजार से अधिक महिलाओं ने पहली सूई के बाद दूसरी सूई नहीं ली। डॉक्टरों का कहना है कि महिलाएं दूसरी डोज की तारीख भूल जाती हैं और इसके लिए काउंसिलिंग की जा रही है।

तीन महीने बाद ही परिवार नियोजन से मुंह मोड़ रहीं महिलाएं

मुजफ्फरपुर। मृत्युंजय बिहार में महिलाएं तीन महीने के बाद परिवार नियोजन से मुंह मोड़ रही हैं। महिलाओं को दी जाने वाली गर्भ निरोधक सूई अंतरा की समीक्षा में यह बात सामने आयी है। सूबे में 50 हजार से अधिक महिलाओं ने अंतरा की पहली सूई के बाद दूसरी सूई नहीं ली। सदर अस्पताल की स्त्री व प्रसूती रोग विशेषज्ञ डॉ. सुषमा आलोक ने बताया कि अंतरा सूई का असर तीन महीने तक ही रहता है। गलत सलाह से प्रभावित होकर महिलाएं दूसरा डोज लेने नहीं आती हैं। एसकेएमसीएच में स्त्री व प्रसूती रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनाली ठाकुर ने बताया कि ज्यादातर महिलाएं दूसरी डोज की तारीख याद नहीं रखती हैं।

इसलिए भी डोज छूट रही है। इसके लिए लगातार महिलाओं की काउंसिलिंग की जा रही है। मुजफ्फरपुर में छह हजार ने नहीं ली दूसरी डोज: स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मुजफ्फरपुर में छह हजार महिलाओं ने अंतरा सूई की दूसरी डोज नहीं ली। डॉ. सोनाली का कहना है कि अंतरा की सूई किसी महीने की एक तारीख को लगी है तो दूसरी डोज भी तीन महीने बाद उसी तारीख को लगेगी। इसे एक दिन भी आगे नहीं बढ़ा जा सकता है। देर होने पर गर्भ निरोधक का असर कम होने का खतरा हो सकता है। अंतरा के विकल्प पैच को लेकर अधिक रुचि: स्वास्थ्य विभाग ने अंतरा की जगह गर्भ निरोधक के लिए पैच लगाने का भी विकल्प दिया है। लेकिन, इसका उपयोग कर रही महिलाओं की संख्या भी कम है। सदर अस्पताल में भी हर महीने सिर्फ 50 महिलाओं को ही पैच लगाया जा रहा है। सदर अस्पताल की स्त्री व प्रसूती रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रेरणा ने बताया कि पैच तीन साल के लिए लगाया जाता है। यह अंतरा से बेहतर विकल्प है। अंतरा सूई की आपूर्ति भी रही ठप: स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि बीते दिनों अंतरा सूई की आपूर्ति भी ठप थी। इस कारण भी महिलाएं दूसरी डोज नहीं लगवा सकीं। अंतरा के विकल्प के तौर पर लगाए जा रहे है पैच की आपूर्ति भी सुचारू रूप से नहीं होती है। इसलिए महिलाओं तक पैच नहीं पहुंच पा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने पिछले वर्ष से गर्भ निरोधक के लिए पैच लगाने की सुविधा शुरू की है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।