मॉर्निंग वॉक से लौट रही महिला के गले से 3 लाख की चेन छीनी
मुजफ्फरपुर में एक महिला के गले से बाइक सवार बदमाश ने तीन लाख रुपये की सोने की चेन छीन ली। यह घटना सुबह 5.57 बजे हुई, जिसमें महिला गिर गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पिछले 72 घंटे में यह चेन छिनतई की दूसरी घटना है।

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। मॉर्निंग वॉक से लौट रही महिला के गले से बुधवार की सुबह बाइक सवार बदमाश ने तीन लाख रुपये की सोने की चेन छीन ली। घटना सुबह 5.57 बजे मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग झुन्नी साह लेन की है। चेन छिनतई के दौरान पीड़िता संगीता कुमारी (52) सड़क पर गिर गई। चेन छीनकर बदमाश चतुर्भुज मंदिर की ओर भाग निकला।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर मिठनपुरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता से घटना की जानकारी ली। इसके बाद घटनास्थल के आसपास और बदमाशों के भागने की दिशा में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला।
पीड़िता का बयान
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह प्रतिदिन की तरह टहलने निकली थी। वापस लौटने के दौरा जैसे ही गली के मोड़ पर पहुंची, पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली। झटका लगने से वह गिर पड़ीं। जब तक आसपास के लोग जुटते, अपराधी तेजी से भाग निकला। पीड़िता ने बताया है कि बदमाश ब्लू पल्सर बाइक पर सवार था। उसका चेहरा हेलमेट से ढंका था।
एफआईआर और पुलिस की जांच
मिठनपुरा थाने में एफआईआर के लिए दिए आवेदन में पीड़िता ने बताया है कि सोने की चेन और लॉकेट का वजन 15 ग्राम था। मिठनपुरा थानेदार अजेय कुमार ने बताया कि घटना में शामिल बाइक सवार बदमाशों की पहचान को सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
चेन छिनतई की दूसरी वारदात
72 घंटे में चेन छिनतई की दूसरी वारदात :
इस घटना से पॉश इलाकों में रहने वाली महिलाओं में आक्रोश है। स्थानीय लोगों के मुताबिक मिठनपुरा इलाके में पिछले 72 घंटे में चेन छिनतई की यह दूसरी घटना है। इससे पहले मुखर्जी सेमिनरी रोड में सोमवार शाम करीब सात बजे इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी की बुजुर्ग मां सुमित्रा साहू के गले से पांच लाख रुपये से अधिक की सोने की चेन छीनी गई थी। बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियार के बल पर वारदाता को अंजाम दिया था।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


