
मौसम: अगले तीन दिनों तक खिलेगी धूप, बढ़ेगा रात का तापमान
मुजफ्फरपुर में मौसम में बदलाव नजर आ रहा है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री ऊपर 23 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य के करीब पहुंच गया। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिनों तक तापमान के और बढ़ने की संभावना जताई है।
मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। लगातार धूप खिलने का असर जिले के मौसम पर दिखने लगा है। इस कारण बुधवार को अधिकतम तापमान जहां सामान्य से 3.4 डिग्री ऊपर पहुंच गया, वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य के करीब पहुंच गया। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिनों तक अधिकतम के बाद न्यूनतम तापमान के भी सामान्य से ऊपर चले जाने की संभावना जताई है। पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. ए.सत्तार के अनुसार शुक्रवार तक औसत अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच जा सकता है। यह सामान्य से अधिक होगा।
वहीं, आसमान पूरे दिन साफ रह सकता है। हालांकि, इस दौरान 8 से 10 किमी की गति से पछुआ हवा चलने से कनकनी का अहसास होता रहेगा। सुबह और शाम में कोहरा बना रहेगा। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री की बढ़ोतरी रही। इससे यह सामान्य से 3.4 डिग्री ऊपर 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान एक डिग्री चढ़कर 6.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि, यह अभी भी सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। सुबह से ही धूप निकलने के कारण हवा में औसत नमी दिन में घटकर 55 प्रतिशत पर पहुंच गई। सुबह में यह अभी भी 100 प्रतिशत रही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




