Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsMuzaffarpur Waste Collection Crisis After Durga Puja Amid Election Duties

तीसरे दिन भी नहीं उठा कूड़ा, कचरे का लगा अंबार

संक्षेप: दुर्गा पूजा के बाद से ही शहर में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। लगातार छुट्टियों के बाद अब निगम के अधिकांश अधिकारी और कर्मचारी चुनाव कार्यों में व्यस्त हो गए हैं।  इस कारण शहर के अधिकांश हिस्सों में जगह-जगह कचरे का ढ़ेर देखने को मिल रहा है। हर तरफ से दुर्गंध आ रही है।

Tue, 14 Oct 2025 10:14 PMNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share Share
Follow Us on
तीसरे दिन भी नहीं उठा कूड़ा, कचरे का लगा अंबार

दुर्गा पूजा के बाद से ही शहर में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। लगातार छुट्टियों के बाद अब निगम के अधिकांश अधिकारी और कर्मचारी चुनाव कार्यों में व्यस्त हो गए हैं। वहीं शनिवार और रविवार को छुट्टी का दिन होने के बाद सोमवार को भी शहर के कुछ ही इलाकों से कचरे का उठाव हो सका। इस कारण शहर के अधिकांश हिस्सों में जगह-जगह कचरे का ढ़ेर देखने को मिल रहा है। हर तरफ से दुर्गंध आ रही है। तीसरे दिन भी काम पर नगर निगम के सभी कर्मचारी नहीं लौटे। इसको लेकर वार्ड से लेकर शहर की पूरी सफाई व्यवस्था प्रभावित रही।

कुछ ही सफाई कर्मियों के काम पर लौटने से थोड़ी बहुत ही शहर की सफाई हो पायी। अधिकांश वार्डों में लगभग पूरी तरह से सफाई ठप रही। शहर के मुख्य सड़कों पर कुछ जगहों से कूड़े का उठाव किया गया, जबकि गली-मोहल्लों में बने कूड़ा डंपिंग प्वाइंट की स्थिति तो बहुत खराब है। दुर्गंध के कारण मोहल्ले में उन डंपिंग प्वाइंट के आसपास से मोहल्लेवालों का गुजरना दुश्वार हो चुका है।

वार्ड 13 में लगे कूड़े के ढ़ेर को दिखाते हुए राजेश कुमार कहते हैं कि चार दिन से यहां कूड़ा पड़ा हुआ है। रोज इसमें वृद्धि होती जा रही है, लेकिन निगम की कूड़ा गाड़ी का कहीं पता नहीं है। केवल प्रमुख सड़कों के किनारे से कचरा हटाया जा रहा है। जबकि गलियों और अन्य इलाकों में ऐसा नहीं हो रहा है। कई दिनों से पड़े रहने के कारण अब गीला कचरा सड़ने के बाद बदबू देने लगा है।

नगर निगम का कहना है कि छुट्टी के कारण दो दिन तक कचरा का उठाव नहीं हो पाया है। इसके अलावा चुनाव में भी कुछ निगम कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। इस कारण सही तरीके से उठाव नहीं हो पा रहा है। सोमवार को सभी प्रमुख मार्गों से कचरा हटाया गया है। मंगलवार से सभी वार्डों के गली-मुहल्लों से भी उठाव सुनिश्चित किया जाएगा।