
24 नवंबर से होगी पीजी सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा
मुजफ्फरपुर विश्वविद्यालय में पीजी सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा 24 नवंबर से शुरू होगी। फॉर्म भरने की प्रक्रिया 7 नवंबर से शुरू हो चुकी है और 17 नवंबर तक चलेगी। छात्रों ने रिजल्ट में गड़बड़ी और पेंडिंग रिजल्ट की समस्या को लेकर परीक्षा विभाग का रुख किया। परीक्षा नियंत्रक ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। पीजी सेंकेंड सेमेस्टर की परीक्षा 24 नवंबर से होगी। इसके लिए फॉर्म भरने की प्रक्रिया सात नवंबर से शुरू है। 17 नवंबर तक फॉर्म भरने की तिथि निर्धारित की गई है। इसी बीच बुधवार को दर्जनों छात्र-छात्राएं रिजल्ट में गड़बड़ी, अंकपत्र में सुधार, पीजी में पेंडिंग रिजल्ट की समस्या को लेकर विवि के परीक्षा विभाग पहुंचे। छात्र-छात्राओं ने कहा कि फॉर्म भरने और परीक्षा के बीच महज एक सप्ताह का समय है। हमें तैयारी करने का समय नहीं दिया जा रहा है। पहले सेमेस्टर का रिजल्ट अबतक पेंडिंग है। ऐसे में दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा कैसे देंगे। रिजल्ट में गड़बड़ी व पेडिंग रिजल्ट को ठीक कराने के लिए पहुंचे छात्र परीक्षा विभाग में जमे रहे।
कई छात्रों की पीड़ा थी कि आवेदन जमा किए महीने भर बीत गये, लेकिन अबतक डिग्री उपलब्ध नहीं कराई गई है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. रामकुमार ने कहा कि जून-जुलाई में ही फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षा खत्म हुई थी। इसके बाद सेंकेंड सेमेस्टर की तैयारी के लिए पूरा समय मिलता है। जिनके भी रिजल्ट में गड़बड़ी या रिजल्ट पेडिंग है, वो आएं, उनका सुधार तुरंत करवाया जा रहा है। फॉर्म भरने से पहले सुधार करवाकर दिया जाएगा। जिनके भी नाम या रजिस्ट्रेशन नंबर में गड़बड़ी थी, उनका ऑन स्पॉट समाधान करा दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा अप्रैल में ही होनी चाहिए थी। सत्र देर है, जिसे पटरी पर लाने का प्रयास किया जा रहा है और छात्र इसमें भी जल्दी होने की बात कह रहे हैं। छात्र-छात्राओं तैयारी के लिए पूरा समय मिला है। पीजी में लगभग 12 हजार परीक्षार्थी होंगे शामिल परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि लगभग 12 हजार परीक्षार्थी इसमें शामिल होंगे। सभी संबद्ध कॉलेजों को निर्देश दिया गया है कि वे 18 नवंबर तक परीक्षार्थियों के फॉर्म को यूएमआईएस पोर्टल पर अपलोड कर दें और परीक्षा शुल्क की राशि आरटीजीएस के माध्यम से विश्वविद्यालय में जमा करा दें। परीक्षा विभाग पीजी सत्र को नियमित करने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य है कि जुलाई 2026 तक पीजी सत्र को पूरी तरह से नियमित कर दिया जाए। 15 नवंबर तक जारी होगा पार्ट थ्री का रिजल्ट परीक्षा विभाग ने बताया कि स्नातक पार्ट-थ्री सत्र 2022-25 का रिजल्ट 15 नवंबर तक जारी कर दिया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि लगभग 60 हजार छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य अंतिम चरण में है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




