
प्लेटफॉर्म दो पर वैशाली एक्सप्रेस से गिरा अधेड़, मौत
मुजफ्फरपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म दो पर 15565 वैशाली एक्सप्रेस पर चढ़ने के दौरान एक अधेड़ व्यक्ति गिर गया और ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच फंसकर 100 मीटर तक घसीटा गया। मौके पर पहुंचे रेल डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव की पहचान के लिए पुलिस ने जांच शुरू की है।
मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जंक्शन के प्लेटफॉर्म दो पर शुक्रवार को 15565 वैशाली एक्सप्रेस पर चढ़ने के दौरान एक अधेड़ गिर गया। इससे वह प्लेटफॉर्म व ट्रेन के डिब्बे के बीच फंस गया और करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया। प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों ने उसे खींच कर निकाला। इसकी सूचना पर पहुंचे रेल डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, रेल पुलिस ने शव का पंचनामा किया। इस दौरान इसकी पैंट के पॉकेट से सरैया बाजार स्थित एक आभूषण दुकान का रसीद मिला। उस पर अनिल पांडेय नाम लिखा था। इसके आधार पर सत्यापन के लिए रेल पुलिस ने सरैया थाना की पुलिस से संपर्क किया है।
शव का पोस्टमार्टम कराकर पहचान के लिए एसकेएमसीएच के शव गृह में रख गया है। जंक्शन पर शुक्रवार सुबह 11.43 बजे प्लेटफॉर्म संख्या दो पर वैशाली एक्सप्रेस आयी। नियमित ठहराव के बाद ट्रेन 11.49 बजे खुल गई। इस बीच अधेड़ ने ट्रेन पर चढ़ने का प्रयास किया। चढ़ने के दौरान उसका पैर पायदान से फिसल गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बची फंस कर करीब सौ मीटर तक घसीटा गया। प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों ने यह देख शोर मचाया और किसी तरह से खींचकर उसे निकाला। इस बीच ट्रेन भी रुक गई। सूचना पर रेल के डॉक्टर शालीग्राम चौधरी मौके पर पहुंचे। जांच के बाद उन्होंने अधेड़ को मृत घोषित कर दिया। प्लेटफॉर्म की रेलिंग में घसीटने से उसकी पीठ और शरीर के पीछे वाले हिस्सा में गंभीर जख्म आए थे। बताया जाता है कि हादसे की वजह से उसे हार्ट अटैक आया और उसकी मौत मौक पर ही हो गई। रेल थाना मुजफ्फरपुर के थानेदार रंजीत कुमार ने बताया कि एक अधड़े प्लेटफॉर्म पर गिर गया है। उसकी मौत हो गई है। पहचान के लिए सरैया थाना पुलिस से संपर्क किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




